कांग्रेस ने दिया एक सप्ताह का अल्टीमेटम, सचिव ईश्वरी साहू बोले—आवास शाखा प्रभारी के कहने पर किए थे हस्ताक्षर; सरपंच के हस्ताक्षर मैंने नहीं किए
फिंगेश्वर/गरियाबंद। जनपद पंचायत फिंगेश्वर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण 2.0 की सर्वे सूची में सरपंच के कथित फर्जी हस्ताक्षर और पात्र हितग्राही का नाम हटाए जाने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। ग्राम पंचायत चरभठी (देवगाँव ) से जुड़े इस मामले में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर-राजिम ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं मामले में ग्राम पंचायत सचिव ईश्वरी साहू का पक्ष भी सामने आया है, जिन्होंने सरपंच के हस्ताक्षर करने से साफ इनकार किया है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रूपेश साहू ने कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मामले की निष्पक्ष जांच शुरू नहीं हुई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा जनपद पंचायत फिंगेश्वर का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि गरीब हितग्राहियों के अधिकारों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सचिव ईश्वरी साहू ने क्या कहा?
मामले में ग्राम पंचायत सचिव ईश्वरी साहू ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि आवास शाखा के प्रभारी राकेश साहू ने उनसे यह कहकर हस्ताक्षर करवाए थे कि “तुम सचिव हो, यहां दस्तखत कर दो, सरपंच डॉ. राजेंद्र साहू से हम करा लेंगे।” सचिव के अनुसार उन्होंने आवास शाखा प्रभारी की बात पर भरोसा करते हुए दस्तावेज में अपने हस्ताक्षर किए थे। उनका कहना है कि उन्होंने सरपंच के हस्ताक्षर नहीं किए हैं।
सचिव ने यह भी कहा कि वह मामले की पूरी गहराई से जानकारी नहीं रखते थे और संबंधित अधिकारी की बातों के झांसे में आ गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि सरपंच उनसे पहले से नाराज चल रहे हैं और संभवतः इसी वजह से उनका नाम इस प्रकरण में सामने आया है। अब सचिव के इस बयान के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि सरपंच के हस्ताक्षर बाद में कराने की बात कही गई थी तो संबंधित दस्तावेज में सरपंच के हस्ताक्षर किसने किए और किसके निर्देश पर किए गए?
आवास प्रकरण से आगे बढ़ा मामला, अब पुराने भुगतान भी जांच के घेरे में
इस मामले ने जनपद पंचायत फिंगेश्वर में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का आरोप है कि जनपद पंचायत में केवल आवास योजना तक ही मामला सीमित नहीं है, बल्कि कई ऐसे प्रकरण सामने आए हैं, जिनमें काम कराए बिना बिल प्रस्तुत कर शासकीय राशि के आहरण का आरोप है।
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि उनके पास ऐसे कई दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनकी जांच होने पर लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है। आरोप यह भी है कि कुछ मामलों में जिस खाते में शासकीय राशि जाना चाहिए थी, उसके बजाय कथित रूप से किसी व्यक्ति विशेष अथवा जनपद से जुड़े कर्मचारियों के परिवार के सदस्यों के खातों में राशि पहुंचने के मामले भी सामने आए हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और इन सभी मामलों की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
“काम कुछ नहीं, बिल लगाकर राशि निकालने” का आरोप
कांग्रेस का आरोप है कि जनपद पंचायत में ऐसे भी कई मामले हैं, जहां मौके पर काम नहीं होने के बावजूद बिल लगाए गए और उसके आधार पर शासकीय राशि का आहरण किया गया। सवाल यह भी उठाया जा रहा है कि क्या यह सब किसी व्यक्ति विशेष को आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए किया गया या फिर यह लंबे समय से चली आ रही व्यवस्था का हिस्सा है?
इन आरोपों को लेकर कांग्रेस ने आने वाले दिनों में दस्तावेजों के साथ एक-एक मामले का खुलासा करने का दावा किया है। साथ ही इन मामलों को लेकर जनपद पंचायत फिंगेश्वर के घेराव की भी चेतावनी दी गई है।
जांच हुई तो सामने आ सकता है बड़ा मामला
आवास सूची में कथित फर्जी हस्ताक्षर के मामले से शुरू हुआ विवाद अब जनपद पंचायत की वित्तीय कार्यप्रणाली तक पहुंच गया है। एक ओर सचिव अपने स्तर पर सरपंच के हस्ताक्षर करने से इनकार कर रहे हैं, तो दूसरी ओर कांग्रेस ने आवास शाखा से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों की भूमिका की जांच की मांग की है। इसके अलावा कथित फर्जी बिल, बिना काम के भुगतान और निजी खातों में राशि जाने जैसे आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
अब निगाहें जनपद पंचायत प्रशासन और जिला प्रशासन की जांच पर टिकी हैं। यदि दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच होती है तो यह स्पष्ट हो सकेगा कि आवास सूची में हस्ताक्षर का मामला वास्तव में कैसे हुआ और जनपद पंचायत में लगाए जा रहे वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों में कितनी सच्चाई है। फिलहाल ये सभी आरोप जांच के विषय हैं और संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों का पक्ष सामने आने के बाद ही अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




