नगर पालिका कार्यालय में राजस्व निरीक्षक से मारपीट का आरोप, सिर पर गंभीर चोट; 5 नामजद समेत अन्य पर FIR

SHARE:

नवापारा-राजिम-:नगर पालिका कार्यालय में शुक्रवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब राजस्व निरीक्षक और कुछ युवकों के बीच विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि 5 से 7 युवक नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और राजस्व निरीक्षक निखिल चंद्राकर के साथ गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की। घटना में राजस्व निरीक्षक के सिर, पीठ, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें तत्काल नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

 

एक दिन पहले हुए विवाद के बाद बढ़ा मामला

 

जानकारी के अनुसार 20 अगस्त की रात करीब 8 बजे रूपो जगत और राजस्व निरीक्षक निखिल चंद्राकर के बीच सड़क पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर शुक्रवार शाम मामला नगर पालिका कार्यालय तक पहुंच गया।

 

कार्यालय पहुंचकर मारपीट का आरोप

 

शिकायत के मुताबिक 21 अगस्त की शाम करीब 5 बजे रूपो जगत, लल्ला पटेल, विजय यादव, मोनू कंसारी सहित अन्य युवक नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि यहां राजस्व निरीक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और मारपीट शुरू कर दी गई। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर युवकों को बाहर निकाला।

 

घटना में राजस्व निरीक्षक के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वहीं हाथापाई के दौरान एक युवक के सिर में भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है।

 

सरकारी कार्यालय में मारपीट से सुरक्षा पर सवाल

 

नगर पालिका जैसे सरकारी कार्यालय में कर्मचारी के साथ हुई मारपीट की घटना से कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी लवकेश कुमार पैकरा सहित जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और राजस्व निरीक्षक का हालचाल जाना।

 

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

 

मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर रूपो जगत, लल्ला पटेल, विजय यादव, मोनू कंसारी एवं अन्य के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 221, 296, 3(5), 324(4) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब नगर पालिका कार्यालय में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मौके पर मौजूद कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं।

 

पुलिस जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल सभी लोगों की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद नगर पालिका कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment