गरियाबंद पुलिस की जागरूकता पहल: शिवम् नर्सिंग कॉलेज में साइबर सुरक्षा, नए कानून, यातायात नियम और CPR का दिया गया प्रशिक्षण

SHARE:

गरियाबंद। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में गरियाबंद पुलिस द्वारा मालगांव स्थित शिवम् नर्सिंग कॉलेज में छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ के लिए विधिक एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव, नए आपराधिक कानूनों, यातायात सुरक्षा तथा आपातकालीन चिकित्सा सहायता के प्रति जागरूक करना था।

 

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उके, डीएसपी गोपाल वैश्य, जिला अस्पताल के डॉ. एम.के. श्याम, मेमीचंद सोनवानी तथा थाना प्रभारी गरियाबंद शिशिर पाण्डेय उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने-अपने विषयों पर विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को कानून का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उके ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराधों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं करने तथा डिजिटल बैंकिंग के दौरान पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी।

 

थाना प्रभारी शिशिर पाण्डेय ने देश में लागू नए आपराधिक कानूनों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए छात्रों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

 

डीएसपी गोपाल वैश्य ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने की अपील की।

 

कार्यशाला में जिला अस्पताल के डॉ. एम.के. श्याम ने सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का लाइव प्रदर्शन कर आपातकालीन परिस्थितियों में मरीज की जान बचाने की तकनीक सिखाई। प्रशिक्षण में नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों, स्टाफ और पुलिस कर्मियों ने भी सक्रिय भागीदारी की।

 

इसी क्रम में राजिम थाना क्षेत्र के प्रेमरतन पैलेस में क्रेडिट एक्सेस फाउंडेशन द्वारा आयोजित सामाजिक-आर्थिक कार्यशाला में भी थाना राजिम पुलिस एवं साइबर सेल गरियाबंद की टीम ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

 

गरियाबंद पुलिस ने कहा कि जिले में आम नागरिकों, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थानों के बीच इस प्रकार के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि लोग साइबर अपराध, कानूनी अधिकारों, सड़क सुरक्षा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अधिक सजग और जागरूक बन सकें।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment