निर्माण कंपनी की लापरवाही पर उठे सवाल, सूचना के बाद भी देर से पहुंचे जिम्मेदार
गरियाबंद /जतमई -:जतमई मंदिर परिसर के बड़े पार्किंग स्थल के पास शनिवार सुबह सड़क पर फैले डामर ऑयल के कारण कई राहगीर हादसे का शिकार हो गए। सड़क पर बिखरे ऑयल को समय रहते नहीं देख पाने से करीब 5 से 7 दुपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर पड़े, जिससे कई लोग घायल हो गए। किसी के पैर, हाथ, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसपास के दुकानदारों और पार्किंग संचालकों ने राहगीरों को रोक-रोककर सड़क पर फैले ऑयल की जानकारी दी और किनारे से निकलने की सलाह दी। हालांकि तब तक कई लोग दुर्घटना का शिकार हो चुके थे।
जानकारी के मुताबिक, एडीबी परियोजना के तहत पाण्डुका से मुंडागांव तक सड़क निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। गायडबरी गांव के पास शेष बचे हिस्से में शुक्रवार को डामरीकरण का कार्य किया गया था। इसके बाद निर्माण कंपनी के वाहन जतमई मंदिर के बड़े पार्किंग क्षेत्र में खड़े किए गए। आशंका है कि उन्हीं वाहनों से डामर मिश्रित ऑयल रिसकर धीरे-धीरे सड़क पर फैल गया, जिससे सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई।
शनिवार होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक जतमई मंदिर एवं झरने का आनंद लेने पहुंचे थे। ऐसे में सड़क पर फैले ऑयल की जानकारी नहीं होने से लगातार बाइक सवार फिसलते रहे और हादसे होते रहे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना निर्माण कंपनी को दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में पहुंचे कर्मचारियों ने सड़क किनारे मिट्टी और अन्य सामग्री डालकर स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह पर्याप्त नहीं था।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि बरसात के मौसम में जतमई-घटारानी क्षेत्र में हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। लोगों ने सेवा समिति, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से ऐसी लापरवाही पर कार्रवाई करने तथा भविष्य में श्रद्धालुओं और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




