धान के ट्रकों से जर्जर हुआ जीवनदायिनी मार्ग, ग्रामीणों ने लगाई विकास की गुहार
फिंगेश्वर-:राजिम विधानसभा क्षेत्र में जहां एक ओर लगातार नई सड़कों का निर्माण और पुराने मार्गों का उन्नयन किया जा रहा है, वहीं कुंडेल धान संग्रहण केंद्र से सिर्रीखुर्द, खुटेरी, बिजली, मड़वाडीह होते हुए पुरेना मोड़ चौक तक जाने वाला महत्वपूर्ण मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों भारी ट्रक धान परिवहन के लिए गुजरते हैं, जिससे सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और आम लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल गांवों को जोड़ने वाला मार्ग नहीं, बल्कि किसानों की जीवनरेखा है। इसी रास्ते से किसानों का धान कुंडेल धान संग्रहण केंद्र तक पहुंचता है और वहां से विभिन्न राइस मिलों तक परिवहन किया जाता है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, किसानों और राहगीरों को रोजाना खतरे का सामना करना पड़ रहा है।बरसात के मौसम में हालात और भी चिंताजनक हो जाते हैं। सड़क पर पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस सड़क का निर्माण या व्यापक मरम्मत नहीं हुई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू से अपील करते हुए कहा कि उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कराया है, अनेक सड़कें निर्माणाधीन हैं और कई परियोजनाएं स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं। ऐसे में इस अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग को भी प्राथमिकता देकर जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि ने बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव संबंधित मंत्री को भेज दिया गया है और आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध करा दी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही इस सड़क के निर्माण की स्वीकृति मिल जाएगी और मार्ग का कायाकल्प शुरू होगा।
क्षेत्र में विकास की रफ्तार, अब इस सड़क की भी बारी
ग्रामीणों का कहना है कि राजिम विधानसभा में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं और कई ऐसी सड़कें बन रही हैं, जिनकी वर्षों से केवल कल्पना की जाती थी। इसी उम्मीद के साथ सिर्रीखुर्द, खुटेरी, बिजली और मड़वाडीह के लोगों ने विधायक से आग्रह किया है कि इस सड़क को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। उनका कहना है कि सड़क किसी एक वर्ग की नहीं होती, बल्कि हर किसान, हर छात्र, हर मजदूर और हर नागरिक की जरूरत होती है। इसलिए इस मार्ग का निर्माण पूरे क्षेत्र के हित में जरूरी है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




