ग्रामीणों का आशियाना उजाड़कर कॉलोनी बनाना उचित नहीं, आवंटित भूमि बदलने की मांग
गरियाबंद-: बिंद्रानवागढ़ विधायक जनकराम ध्रुव ने विधायक कॉलोनी निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री को महत्वपूर्ण पत्र लिखते हुए ग्राम पंचायत नकटी में आवंटित भूमि को बदलकर नया रायपुर में विधायक कॉलोनी के लिए उपयुक्त भूमि आवंटित करने की मांग की है।
30 जून 2026 को लिखे गए पत्र में विधायक जनकराम ध्रुव ने कहा है कि शासन द्वारा नकटी में विधायक कॉलोनी के लिए भूमि आवंटित की गई है, लेकिन इस निर्णय का क्षेत्र के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा व्यापक विरोध किया जा रहा है। उन्होंने लिखा कि ग्रामीणों की सहमति के बिना उनकी भूमि खाली कराई जा रही है, जिससे वे स्वयं भी आहत हैं।
विधायक ने मुख्यमंत्री को स्पष्ट शब्दों में लिखा है कि “सैकड़ों ग्रामीणों का आशियाना उजाड़कर बनने वाली विधायक कॉलोनी में रहना मैं उचित नहीं समझता।” उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि जनहित, प्रशासनिक सुविधा और विधायकों की आवासीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नकटी के स्थान पर नया रायपुर जैसे केंद्रीय और उपयुक्त स्थान पर विधायक कॉलोनी के लिए भूमि आवंटित की जाए।
पत्र में विधायक ने यह भी उल्लेख किया है कि सरकार को इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए ताकि किसी भी ग्रामीण परिवार को विस्थापन का सामना न करना पड़े। उन्होंने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री इस जनहित के मुद्दे पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे।
इस पत्र की प्रतिलिपि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी प्रेषित की गई है।
यह पत्र सामने आने के बाद नकटी में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है और अब सभी की निगाहें राज्य सरकार के अगले निर्णय पर टिकी हैं।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




