गरियाबंद। जिला प्रशासन के तत्वावधान में गुरुवार को ऑक्शन हॉल में बेरोजगार युवा-युवतियों तथा स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय भव्य करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर बी.एस. उईके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, वनमंडलाधिकारी शशिगानंद, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन, अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर तथा डीएसपी गरिमा दादर ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। सेमिनार में जिले भर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा अपने करियर को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त करने पहुंचे।
कलेक्टर बी.एस. उईके ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने समय प्रबंधन को सफलता की कुंजी बताते हुए युवाओं से अपनी रुचि के अनुरूप करियर चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि लक्ष्य तय करने के बाद सोशल मीडिया और अन्य भटकाव से दूर रहकर पूरी एकाग्रता के साथ अध्ययन करना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुलिस सेवा और सिविल सर्विसेज में जाने की इच्छा रखने वाले युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर और अधिक मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा, वन विभाग तथा अन्य सरकारी क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं और तैयारी की रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में आयोजित ओपन सेशन में विद्यार्थियों ने अधिकारियों से सीधे संवाद किया। छात्रों ने तनाव प्रबंधन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू करने का सही समय और अध्ययन की रणनीति जैसे विषयों पर सवाल पूछे। अधिकारियों ने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस अवसर पर युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, निरंतर प्रयास करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। सेमिनार विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी और मार्गदर्शक साबित हुआ।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com



