पेंशन, गैस सिलेंडर नियम और जनहित मुद्दों पर कांग्रेस नेताओं ने उठाई आवाज
अभनपुर-: क्षेत्र में बढ़ती महंगाई, पेंशन भुगतान में देरी तथा गैस सिलेंडर वितरण नियमों में बदलाव सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने अभनपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक एसडीएम कार्यालय अभनपुर का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ आक्रोश जताते हुए आम जनता की समस्याओं को लेकर एसडीएम रवि सिंह को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की मौजूदगी रही।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने कहा कि क्षेत्र में लगातार जनसमस्याएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों से कई हितग्राहियों को पेंशन नहीं मिल रही है, जिससे बुजुर्गों, विधवाओं और जरूरतमंद लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समय रहते समस्याओं का समाधान किया जाना आवश्यक है।
वहीं पीसीसी अध्यक्ष पूर्वी साहू ने भी प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द निराकरण किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान महंगाई, राशन व्यवस्था, गैस सिलेंडर वितरण नियमों में संशोधन तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लंबित मामलों को लेकर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार को घेरा। लंबे समय तक चले प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम से चर्चा कर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




