ग्राम पंचायत की एनओसी पर निर्माण कार्यों के लिए मिलेगी रेत, अवैध उत्खनन पर सख्ती के निर्देश
14 गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने सौंपे 1059 आवेदन, विधायक रोहित साहू ने की कई बड़ी घोषणाएं
गरियाबंद/फिंगेश्वर-: प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत फिंगेश्वर विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल परिसर बोरसी में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आसपास के 14 गांवों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों से संबंधित कुल 1059 आवेदन प्रशासन को सौंपे। शिविर में अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचे राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में सुशासन तिहार का आयोजन गांव-गांव तक शासन की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों का आभार जताया। विधायक ने ग्राम पंचायत टेका के आश्रित ग्राम कपसीडीह को स्वतंत्र राजस्व ग्राम बनाए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि यह मांग लंबे समय से लंबित थी, जिसे विधानसभा में प्रमुखता से उठाने के बाद पूरा किया गया। साथ ही ग्राम पंचायत रोहिना के आश्रित ग्राम सेम्हराडीह को भी जल्द राजस्व ग्राम का दर्जा देने की बात कही।
विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं तथा गरियाबंद जिले में आगामी दो वर्षों में लगभग 45 हजार आवासों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है और हर माह राशि सीधे उनके खातों में अंतरित की जा रही है।
क्षेत्रीय विकास कार्यों की जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि कोपरा-पोखरा मार्ग निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। सड़क चौड़ीकरण, सिंचाई, शिक्षा और व्यापार के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। किरवई में 50 एकड़ भूमि पर कृषि महाविद्यालय स्थापित किया जाएगा तथा गरियाबंद में आधुनिक नालंदा परिसर का निर्माण होगा। उन्होंने बोरसी में सीसी रोड और बस स्टैंड में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की घोषणा भी की।
शिविर के दौरान विधायक ने अवैध मुरूम एवं रेत उत्खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत की एनओसी के आधार पर आवास एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए नागरिकों को रेत उपलब्ध कराने की सुविधा दी जाएगी, ताकि आम लोगों को निर्माण सामग्री के लिए परेशान न होना पड़े।
कार्यक्रम में कलेक्टर बीएस उइके ने एग्रीस्टेक पंजीयन एवं खाद वितरण व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा कि किसानों को उनकी भूमि के अनुसार खाद उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 2.5 एकड़ भूमि वाले किसानों को एक बार तथा 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को तीन बार खाद उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि ग्राम पंचायत टेका एवं कपसीडीह को पृथक राजस्व रिकॉर्ड उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन द्वारा कार्य किया जा रहा है।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चार गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई। समाज कल्याण विभाग ने एक दिव्यांग महिला को व्हीलचेयर प्रदान की, जबकि मत्स्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को मत्स्य जाल एवं आइस बॉक्स वितरित किए गए। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी साहू, जिला पंचायत सदस्य नंदिनी साहू, इंद्रजीत महाड़िक, जनपद सदस्य मंजू साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




