पाण्डुका वन परिक्षेत्र में सुबह-सुबह हुई घटना, विभाग ने जारी की सावधानी की अपील
गरियाबंद/पाण्डुका-:वन परिक्षेत्र पाण्डुका अंतर्गत तेंदूपत्ता तोड़ाई के दौरान जंगली सूअर के हमले में 4 ग्रामीण घायल हो गए। घायलों में 2 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। घटना 1 मई की सुबह उस समय हुई जब ग्रामीण रोजी-रोटी के लिए तड़के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने पहुंचे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, पोंड निवासी मोरज कुमार (23 वर्ष), पिता कामता साहू पर अचानक जंगली सूअर ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र पाण्डुका ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय गरियाबंद रेफर किया गया।
इसी तरह पोंड निवासी टमेश्वर (28 वर्ष), पिता डेरहा धीवर, रेवा बाई तथा एक अन्य महिला भी सूअर के हमले में घायल हो गए। वहीं कुटेना क्षेत्र में भी एक युवक पर हमला होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सरकारी व निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी घायलों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि तेंदूपत्ता तोड़ाई के दौरान सावधानी बरतें और तड़के सुबह घने जंगलों में जाने से बचें। विभाग का कहना है कि अचानक भीड़ देखकर जंगली जानवर घबरा जाते हैं और हमला कर देते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।
तेंदूपत्ता तोड़ाई क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और जनजागरूकता की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




