गरियाबंद-:जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। जल संकट से जूझ रहे गांवों के लिए जल संसाधन विभाग ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए निस्तारी के लिए नहर से पानी उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को सिकासार जलाशय से जल प्रवाह बंद कर दिया गया था, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या गहराने लगी थी।
ग्रामीणों की मांग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद यह निर्णय लिया गया। राजिम विधायक रोहित साहू से चर्चा उपरांत विभाग ने पुनः जल प्रवाह शुरू करने का फैसला किया है।
अब 1 मई 2026 से एक सप्ताह तक फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर के माध्यम से पानी छोड़ा जाएगा। इस व्यवस्था से बेलर, बोड़की, जोगीडिपा और पतोरी-घोघरा सहित आसपास के गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही कुछ तालाबों को खेतों के रास्ते पानी पहुंचाकर भरा जाएगा, जिससे पशुओं और घरेलू उपयोग के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा।
हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि इस दौरान खेतों में पानी जाने से किसी फसल को नुकसान होता है, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायत की होगी, जल संसाधन विभाग की नहीं।
विभाग ने किसानों और ग्रामीणों से अपील की है कि पानी का उपयोग समझदारी और संयम के साथ करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
भीषण गर्मी के बीच यह निर्णय ग्रामीणों के लिए किसी राहत की बारिश से कम नहीं है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




