मैनपुर दौरे पर कलेक्टर उइके सख्त—घटिया निर्माण पर लगाई फटकार, समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

SHARE:

छात्रावास, पुल, स्कूल, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण, महिला समूहों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

 

गरियाबंद -:कलेक्टर बी.एस. उइके ने गुरुवार को मैनपुर विकासखण्ड का व्यापक दौरा कर विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम, संपूर्णता अभियान 2.0 और पीएम जनमन योजना के तहत चल रहे कार्यों की जमीनी हकीकत परखी गई। इस दौरान छात्रावास, पुल, स्कूल, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों सहित कई परियोजनाओं का अवलोकन कर अधिकारियों और ठेकेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने धवलपुर और टेमनपुर में निर्माणाधीन आदिवासी छात्रावासों का निरीक्षण करते हुए स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि घटिया कार्य पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अमलीपदर में लगभग 4 करोड़ 98 लाख रुपए की लागत से बन रहे पुल निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने बरसात से पहले कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए अधिकारियों की सराहना भी की। वहीं नवनिर्मित तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई और सुधार के निर्देश दिए।  ग्रामीणों की मांग पर अमलीपदर में कॉलेज, आईटीआई और नगर पंचायत के प्रस्ताव भेजने का भरोसा भी दिलाया गया। अमलीपदर स्थित महात्मा गांधी औद्योगिक पार्क (रीपा सेंटर) में कलेक्टर ने महिला स्व-सहायता समूहों से मुलाकात कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने आचार, पापड़, बड़ी, फिनाइल और सिलाई जैसे उत्पादों के निर्माण एवं विपणन को बढ़ाने की सलाह दी। महिला समूहों द्वारा प्रारंभिक बिक्री की सराहना करते हुए उन्होंने बाजार विस्तार और दुकानों से संपर्क बढ़ाने पर बल दिया। साथ ही परिसर की साफ-सफाई और प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। ग्राम ताराझर के कमार-भुंजिया परिवारों के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि उनके लिए बनाए गए आवासों में ही निवास करें और उन्हें रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। इसके अलावा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। इंदागांव में अटल डिजिटल केंद्र, शासकीय उचित मूल्य की दुकान और स्कूल बाउंड्रीवाल निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजार के लिए उपयुक्त स्थान चयन करने पर भी जोर दिया। वहीं भेजाकोटपारा आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए पोषण वाटिका विकसित करने और उप स्वास्थ्य केंद्र बारदुला में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। कलेक्टर उइके के इस दौरे को विकास कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment