सनसनीखेज वारदात: पिता बना हैवान! 6 साल की मासूम पर चाकू से जानलेवा हमला, खुद की गर्दन काटने की भी कोशिश

SHARE:

गरियाबंद। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कामेपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक पिता ने अपनी ही 6 साल की मासूम बेटी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, इसके बाद खुद की गर्दन काटकर आत्महत्या करने की भी कोशिश की।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महेंद्र नेताम (36 वर्ष) ने घर के आंगन में अचानक पास में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अपनी बेटी की गर्दन पर वार कर दिया। उस वक्त घर के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां तुरंत मौके पर पहुंची और किसी तरह बीच-बचाव कर बच्ची की जान बचाई। इस हमले में बच्ची की गर्दन के ऊपरी हिस्से में चोट आई है।

घटना के बाद आरोपी महेंद्र नेताम ने खुद के गले पर भी चाकू से वार कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने तत्काल साहस दिखाते हुए चाकू छीन लिया और दोनों को तुरंत जिला अस्पताल गरियाबंद पहुंचाया।

अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर हरीश चौहान के अनुसार, बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है और उसके घाव गहरे नहीं हैं। वहीं, आरोपी पिता के गले में गहरा जख्म होने के कारण अधिक खून बहा, जिसके चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया है।परिजनों ने बताया कि महेंद्र की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं मासूम बच्ची की हालत को लेकर लोग दुआ कर रहे हैं

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई