गरियाबंद -:अवैध धान परिवहन और खरीदी पर लगाम कसने गरियाबंद पुलिस का विशेष अभियान लगातार बड़ा असर दिखा रहा है। दीगर राज्यों से धान की तस्करी रोकने चलाए जा रहे अभियान में बीते 27 दिनों के भीतर 26 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने अब तक 2046 कट्टा यानी 818.4 क्विंटल धान, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख 35 हजार 40 रुपए, जप्त कर संबंधित विभाग को कार्रवाई हेतु सुपुर्द किया है।
देवभोग में फिर बड़ी कार्रवाई—60 कट्टा लावारिस धान जप्त
06 दिसंबर को एक बार फिर देवभोग पुलिस को बड़ी सफलता मिली। मुखबिर से सूचना मिलने पर तुआसमाल–गोहरापदर–छोटी गुड़ी मार्ग के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 60 कट्टा (24 क्विंटल) लावारिस धान बरामद किया। बरामद धान की कीमत लगभग 74,400 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से कोई आरोपी नहीं मिलने पर धान को समक्ष गवाहन जप्त कर विभाग को सौंप दिया।
27 दिनों का धान जप्ती अभियान
22 चार पहिया वाहन पकड़े गए
04 प्रकरणों में लावारिस धान बरामद
कुल जप्त धान – 2046 कट्टा (818.4 क्विंटल)
कुल अनुमानित मूल्य – 25.35 लाख रुपए
कैसे चल रहा है अभियान?
प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सिर्फ पंजीकृत किसानों से की जा रही है। ऐसे में बाहरी राज्यों से आने वाले धान की रोकथाम के लिए जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस बल को विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। चेक पोस्ट में तैनात टीम लगातार वाहनों की जांच कर रही है।
अवैध धान बेचने या परिवहन करने वालों से कागजात मांगे जाने पर उचित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस तुरंत कार्रवाई करते हुए धान जब्त कर रही है।
अभियान आगे भी जारी रहेगा
पुलिस का कहना है कि दीगर राज्यों से अवैध धान लाने वालों की पहचान की जा रही है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गरियाबंद पुलिस का यह अभियान किसानों के हित और धान खरीदी की पारदर्शिता सुनिश्चित करने में बड़ी भूमिका निभा रहा है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




