“पानी-पानी हुई व्यवस्था: जनपद में फूटा गुस्सा, SDO नवीन साहू क़ो हटाने का ठनका प्रस्ताव!”

SHARE:

“पानी-पानी हुई व्यवस्था: जनपद में फूटा गुस्सा, SDO नवीन साहू क़ो हटाने का ठनका प्रस्ताव!”

राजिम/फिंगेश्वर -:भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट ने अब सियासी और प्रशासनिक हलकों में उबाल ला दिया है। जनपद पंचायत फिंगेश्वर की विशेष बैठक में जनप्रतिनिधियों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब जल जीवन मिशन में लगातार लापरवाही और मनमानी के आरोप सामने आए।

नाराज सदस्यों ने पीएचई विभाग के अनुविभागीय अधिकारी नवीन साहू को हटाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

बैठक में साफ कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे। जनपद अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू ने दो टूक कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता की भारी कमी है और बोर खनन जैसे जरूरी कामों में भी लापरवाही बरती गई है। इसी के चलते अधिकारी को हटाने की अनुशंसा की गई है।

उपाध्यक्ष सतीश यादव ने बैठक में बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि पिछले एक साल में एक भी बोर खनन नहीं हुआ। विभाग की मशीन 6 महीने से खराब पड़ी है, जबकि दूसरी मशीन देवभोग में लगी हुई है। इतना ही नहीं, विभाग के पास मशीन सुधारने तक के लिए बजट नहीं है। इस पर एसडीओ नवीन साहू ने सफाई दी कि उन्होंने मशीन खराब होने की जानकारी जिला स्तर पर दे दी है, लेकिन निजी खर्च से मरम्मत संभव नहीं है।

जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अब जवाबदेही तय होगी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस फैसले को प्रशासनिक जवाबदेही की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

बैठक में जनपद अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू, उपाध्यक्ष सतीश यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जीवन मिशन की बदहाली के 5 बड़े सच

1. 36 करोड़ की योजना अधूरी:

2022-23 में स्वीकृत योजना का 90% काम पूरा, फिर भी घरों तक पानी नहीं।

2. पाइपलाइन बनी परेशानी:

नई लाइन बिछाने में पुरानी लाइन तोड़ी, जिससे पूरी सप्लाई ठप।

3. एनीकेट में पानी गायब:

सरगी नाला में पानी नहीं, टंकी तक सप्लाई बाधित।

4. टैंकर व्यवस्था भी नाकाम:

कुछ वार्डों तक सीमित, बाकी इलाके प्यासे।

5. डेडलाइन फेल:

2024 तक हर घर नल से जल का लक्ष्य, 70% घर अब भी वंचित।

फिंगेश्वर में जल संकट अब सिर्फ सुविधा का नहीं, बल्कि जवाबदेही और सिस्टम की नाकामी का बड़ा मुद्दा बन चुका है। अब देखना होगा कि इस प्रस्ताव के बाद शासन स्तर पर क्या ठोस कार्रवाई होती है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment