मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 7 नई सड़कों का वर्चुअल भूमिपूजन किया, गरियाबंद को मिली 14.23 करोड़ की बड़ी सौगात

SHARE:

गरियाबंद -:प्रदेश में ग्रामीण विकास को नई गति देने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के रणजीता स्टेडियम से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेस-04 के अंतर्गत सड़कों के निर्माण कार्यों का वर्चुअल भूमिपूजन किया। इस दौरान पूरे प्रदेश में 774 सड़कों (कुल लंबाई 2426.875 किमी) के निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई, जिनकी कुल लागत 2,225 करोड़ 44 लाख रुपये है।

जिला मुख्यालय गरियाबंद में कलेक्टर सभाकक्ष से इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जहां जिले की 7 महत्वपूर्ण सड़कों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया गया। इन सड़कों की कुल लंबाई 18.08 किलोमीटर और लागत 14 करोड़ 23 लाख 65 हजार रुपये निर्धारित है।

कार्यक्रम में बिन्द्रनवागढ़ विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि क्षेत्र में अभी भी कई गांव सड़क सुविधा से वंचित हैं, जिसके लिए आगामी समय में 34 नई सड़कों की मांग रखी जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से वनग्रामों तक सड़क पहुंचाने पर जोर दिया।

 

कलेक्टर बीएस उइके ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से दूरस्थ अंचलों में आवागमन आसान होगा, जिससे ग्रामीणों की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। वहीं पूर्व विधायक डमरूधर पुजारी ने इसे जिले के लिए अत्यंत आवश्यक पहल बताया।

 

जिले में बनने वाली प्रमुख सड़कें

छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के अनुसार जिले में निम्न सड़कों का निर्माण किया जाएगा—

सुपेबेड़ा से परेवापाली (1.56 किमी) – ₹1.25 करोड़

मरदाकला से कारीडोंगरी (3.30 किमी) – ₹2.72 करोड़

रावनडिग्गी से सेम्हरा (2.71 किमी) – ₹1.85 करोड़

मुड़गेलमाल से स्याहीडोंगरी (3.34 किमी) – ₹3.00 करोड़ (लगभग)

भाठीगढ़ से भटगांव (0.86 किमी) – ₹64.73 लाख

कोदोभांठ से साल्हेभांठ (2.49 किमी) – ₹2.05 करोड़

अड़गड़ी (जरहीडीह) से कोसमबुड़ा (3.82 किमी) – ₹2.69 करोड़

 

*ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा*

 

नई सड़कों के निर्माण से गांवों को बारहमासी सड़क संपर्क मिलेगा, जिससे आवागमन सुगम होगा, कृषि उत्पादों का परिवहन आसान बनेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

 

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, सीईओ जिला पंचायत प्रखर चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment