गरियाबंद/राजिम-:भीषण गर्मी को देखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा क्षेत्र के ग्रामीणों को निस्तारी के लिए लगातार पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग ने 27 फरवरी 2026 से विशेष जल प्रबंधन योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में जल आपूर्ति सुनिश्चित की है।
जानकारी के अनुसार, राजिम के संगम क्षेत्र को सिकासार जलाशय से पैरी नदी के माध्यम से भरा गया है, जिससे आसपास के ग्रामीणों को राहत मिली है। वहीं फिंगेश्वर नगर पंचायत को सरगी नाला एनीकट के जरिए पानी उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा पांडुका अनुभाग के तहत फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर से 15 तालाबों को भरा गया, जबकि फिंगेश्वर उप संभाग में कुल 14 तालाबों में जल भराव किया गया।
विभागीय व्यवस्था के तहत 8 अप्रैल 2026 से फिंगेश्वर वितरक शाखा का जल प्रवाह बंद कर दिया गया है। इसके बाद पैरी दायी तट नहर के माध्यम से राजिम, सुरसाबांधा और श्याम नगर क्षेत्रों में निस्तारी के लिए पानी दिया जा रहा है।
जल संसाधन विभाग गरियाबंद के कार्यपालन अभियंता एस.के. बर्मन के मार्गदर्शन में पांडुका, फिंगेश्वर और राजिम के अनुविभागीय अधिकारी अपनी मैदानी टीम के साथ मांग और आवश्यकता के अनुसार ग्रामीणों को पानी उपलब्ध करा रहे हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सिकासार जलाशय में उपलब्ध जल को ध्यान में रखते हुए 15 अप्रैल 2026 के बाद जल प्रदाय पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि पानी का उपयोग सोच-समझकर करें, अनावश्यक बर्बादी से बचें तथा नहरों में किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न करें। किसी भी समस्या की स्थिति में विभागीय कर्मचारियों से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




