स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास अधिकारी-कर्मचारी फील्ड में रहें सक्रिय आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत कराएं
गरियाबंद-:कलेक्टर बी.एस. उइके की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधोसंरचना सुदृढ़ करने, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, संस्थागत प्रसव बढ़ाने और जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।उन्होंने जनऔषधि केंद्र, मुख्यमंत्री हाटबाजार क्लीनिक, सीएचसी-पीएचसी की सेवाओं, कुष्ठ उन्मूलन, आयुष्मान भारत, क्षय नियंत्रण, जननी सुरक्षा व परिवार कल्याण जैसी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। अस्पतालों और आंगनबाड़ी केन्द्रों में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सभी केंद्रों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा।कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को फील्ड में जाकर नियमित मॉनिटरिंग करने और लोगों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सभी अधिकारी-कर्मचारी अपना शत-प्रतिशत योगदान दें।कलेक्टर ने टीबी मुक्त जिला अभियान को और प्रभावी बनाने, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने और प्रत्येक प्रसव को संस्थागत कराने के निर्देश दिए। साथ ही कुपोषण व एनीमिया मुक्त अभियान में तेजी लाने, एनआरसी केंद्रों में गंभीर कुपोषित बच्चों के उपचार और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने पर जोर दिया।उन्होंने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, चिरायु दल के निरीक्षण, टीकाकरण, कुष्ठ उन्मूलन, क्षय रोग, हाइपरटेंशन, तंबाकू नियंत्रण और मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। सभी योजनाओं का लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने परियोजना अधिकारियों को 15 दिन में आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा, पोषण ट्रैकर में सही जानकारी अपलोड करने, गर्भवती महिलाओं का एएनसी पंजीयन एवं टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पूरक पोषण आहार, नोनी सुरक्षा, महतारी वंदन, सुकन्या समृद्धि, मुख्यमंत्री कन्या विवाह और सखी वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाओं के प्रभावी संचालन की भी जानकारी ली।बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रखर चन्द्राकर, सीएमएचओ डॉ. यू.एस. नवरत्न, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पाण्डेय, सिविल सर्जन यशवंत ध्रुव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के ईई विप्लव धृतलहरे सहित स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




