समाचार संकलन करने पहुँचे पत्रकार को गाली-गलौज, जूता दिखाकर दी जान से मारने की धमकी — पत्रकारों में उबाल, कार्रवाई की मांग तेज
गरियाबंद/देवभोग-:सरकार के समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी के बीच जिले में मीडियाकर्मियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। ताज़ा मामला मुडघेलमाल सहकारी समिति केन्द्र का है, जहाँ किसानों के कृषि पट्टे रखकर धान खपाने की जानकारी जुटाने पहुँचे आईएनडी-24 और दैनिक भास्कर के स्थानीय पत्रकार राजीव लोचन पंडा के साथ समिति प्रबंधक शिवकुमार सिन्हा ने अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और जूता दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
इस घटना के बाद जिले के पत्रकारों में जबरदस्त आक्रोश है। पत्रकारों ने कहा कि समाचार संकलन के दौरान इस तरह की दबंगई लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है।
कार्रवाई के डर से समिति प्रबंधक ने पत्रकार पर दर्ज कराया झूठा मामला
सूत्रों के अनुसार, किसानों के पट्टे रखने के मामले में जब पत्रकारों ने समिति प्रबंधक से सवाल पूछना शुरू किया, तो वह बौखला गया और धमकी देने लगा।
पीड़ित पत्रकार राजीव लोचन पंडा ने अमलीपदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद दबाव में आए समिति प्रबंधक ने खुद ही पत्रकार के खिलाफ काउंटर केस दर्ज करा दिया।
अब इस पूरे प्रकरण की जांच की मांग अमलीपदर-देवभोग क्षेत्र के पत्रकारों ने उठाई है।
जिलेभर के पत्रकारों का अल्टीमेटम — कार्रवाई नहीं हुई तो उतरेंगे सड़क पर
पत्रकारों ने स्पष्ट कहा है कि यदि इस घटना में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं की गई, तो जिलेभर के मीडिया कर्मी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
उनका आरोप है कि उपार्जन केन्द्रों में अवैध धान खरीदी के खेल को छिपाने के लिए मीडियाकर्मियों को डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है।
पत्रकार सुरक्षा पर उठे सवाल — अवैध धान खरीदी का बड़ा खेल!
स्थानीय स्तर पर ओडिशा से अवैध धान की आवक लगातार जारी है। सीमावर्ती इलाकों में रात के अंधेरे से लेकर दिन के उजाले तक यह खेल चलता है।
इन मामलों में कई समिति प्रबंधकों और कर्मचारियों की मिलीभगत की भी चर्चा है।
इसी पर खबर तैयार करने पहुँचे पत्रकारों को अब अपनी जान की सुरक्षा तक की चिंता करनी पड़ रही है।
क्या कहते हैं पीड़ित, साथी पत्रकार और जनप्रतिनिधि?
“धान खरीदी के काले खेल को उजागर न हो, इसलिए मुझे और मेरी पारदर्शिता को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।”
राजीव लोचन पंडा, पीड़ित पत्रकार
“मीडिया को धमकी देना और गाली देना निंदनीय है। ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है।”
रोशन अवस्थी, वरिष्ठ पत्रकार व व्यवसायी
“किसानों का पट्टा रखना विधि संगत नहीं है। पत्रकारों पर अभद्र व्यवहार लोकतंत्र के लिए खतरा है, मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग करूंगा।”
— जनकराम ध्रुव, विधायक बिन्द्रानवागढ़
“दोनों पक्षों की शिकायत जांच में ली गई है, विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।”
— दिलीप कुमार मेश्राम, थाना प्रभारी अमलीपदर
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




