कलेक्टर बीएस उइके ने ली शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक

SHARE:

शाला अनुदानों का उपयोग पारदर्शी ढंग से करें, प्रत्येक खर्च का सही लेखा-जोखा रखें — कलेक्टर उइके

गरियाबंद-: कलेक्टर बीएस उइके की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के बीईओ एवं बीआरसी अधिकारियों ने विद्यालयों की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्यों तथा शैक्षणिक गुणवत्ता संबंधी जानकारी प्रस्तुत की।कलेक्टर ने बैठक में जर्जर एवं अति जर्जर शाला भवनों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि सभी भवनों की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करें और प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जहां भवन उपयोग योग्य नहीं हैं, वहां वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल की जाए।बैठक में प्रारंभ, अपूर्ण एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्माण एजेंसियां समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करें तथा विद्यालयों को शीघ्र उपयोग हेतु उपलब्ध कराएं। सभी निर्माण कार्यों का थर्ड पार्टी से मूल्यांकन अनिवार्य रूप से कराया जाए।विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष बल देते हुए कलेक्टर ने कहा कि उच्च कक्षाओं के विद्यार्थियों को परीक्षा उन्मुख मार्गदर्शन नियमित रूप से दिया जाए, ताकि वे भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।शाला स्वच्छता और रंग-रोगन कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी स्कूल साफ-सुथरे एवं आकर्षक दिखाई दें, जिससे बच्चों में सीखने का सकारात्मक माहौल बने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रंग-रोगन कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।बैठक में विभिन्न शाला अनुदान योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि अनुदानों का उपयोग पारदर्शी ढंग से किया जाए तथा प्रत्येक खर्च का सही लेखा-जोखा रखा जाए। मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान और सामाजिक अंकेक्षण की तैयारी पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत समाज की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और ग्राम स्तर पर बैठकें आयोजित कर शालाओं की वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए।बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर ने कहा कि जिले की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए हर स्तर पर गंभीर प्रयास जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वयपूर्वक कार्य करें। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, जनपद सीईओ तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment