सभी स्कूलों का होगा सामाजिक अंकेक्षण — शिक्षा की गुणवत्ता सुधार की नई पहल

SHARE:

गरियाबंद /छुरा-: मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान 2025 के तहत अब जिले के सभी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता का सामाजिक अंकेक्षण किया जाएगा। इसी कड़ी में विकासखंड छुरा के अंतर्गत 07 और 08 अक्टूबर को सभी प्राथमिक, मिडिल, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में यह अंकेक्षण कार्य संपन्न होगा।यह सामाजिक अंकेक्षण जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर और जिला मिशन समन्वयक शिवेश कुमार शुक्ला के निर्देशन में तथा विकासखंड स्तर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी किसुन मतावले के मार्गदर्शन में किया जाएगा। विकासखंड स्त्रोत समन्वयक हरीश देवांगन ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रत्येक विद्यालय की शिक्षण प्रक्रिया, विद्यार्थियों की उपलब्धियां, आधारभूत सुविधाएं, शिक्षक उपस्थिति और शैक्षणिक गुणवत्ता जैसे मानकों के आधार पर ग्रेडिंग की जाएगी।अंकेक्षण के बाद विद्यालयों को कमजोर, औसत और अच्छे स्कूलों की श्रेणी में बांटा जाएगा। कमजोर स्कूलों की गुणवत्ता सुधार के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। यह प्रक्रिया पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।सामाजिक अंकेक्षण में शिक्षा विभाग के साथ अन्य विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाज के जागरूक लोग भी शामिल रहेंगे। यह मूल्यांकन एस.सी.ई.आर.टी., डी.पी.आई. एवं समग्र शिक्षा द्वारा निर्धारित बिंदुओं पर आधारित रहेगा।शिक्षा विभाग ने अंकेक्षण के लिए विशेष टूल्स (उपकरण) तैयार किए हैं, जिनके माध्यम से प्रत्येक विद्यालय का मूल्यांकन किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में सभी संकुल प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों, संस्था प्रमुखों, अंकेक्षण प्रमुखों और शिक्षकों को दिशा-निर्देश जारी कर प्रशिक्षण भी प्रदान किया है। इस सामाजिक अंकेक्षण से आने वाले समय में विद्यालयों की शिक्षा गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment