गरियाबंद-:जिले के मैनपुर विकासखण्ड में एक बार फिर हाथियों ने जमकर उत्पात मचाना शुरू कर दिया है। स्थिति इतनी भयावह हो गई है कि ग्रामीण अब अपनी जान बचाने के लिए घरों की छतों पर तंबू और मचान बनाकर रात गुजारने को मजबूर हैं।जानकारी के अनुसार, पिछले 10 से 12 वर्षों से मैनपुर क्षेत्र के जंगलों में हाथियों का दल स्थायी रूप से डेरा डाले हुए है। बीते एक माह से 22 से 25 हाथियों का यह दल मैनपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम छिन्दौला, लूठापारा, धोबीपारा, दबनई, फरसरा, लेडीबहार, गिरहोला, सिंहार, जिडार, बोडापाला, बेगरपाला, धवलपुर, तुपेंगा, जरण्डी आदि गांवों के आसपास सक्रिय है।हाथियों ने अब तक करीब 200 एकड़ से अधिक धान, मक्का, दलहन और तिलहन की फसलों को
रौंदकर बर्बाद कर दिया है। वहीं कई कच्चे मकानों और झोपड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया है।ग्रामीणों का कहना है कि हाथी रात होते ही गांवों में पहुंच जाते हैं और घंटों तक आतंक मचाते रहते हैं। लगातार हो रहे नुकसान से किसान परेशान हैं और वन विभाग से शीघ्र राहत की मांग कर रहे हैं।सूत्रों के अनुसार, यह हाथियों का दल वर्तमान में एनएच-130सी मैनपुर-गरियाबंद मार्ग के किनारे जंगलों में डेरा जमाए हुए है, जहां से शाम होते ही आसपास के गांवों की ओर रुख कर रहा है। ग्रामीण प्रशासन और वन विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं ताकि जन-धन की हानि रोकी जा सके।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




