एक्सपायर्ड दवाइयां मिलने पर मेडिकल स्टोर बंद

SHARE:

चंदन मेडिकोज में औषधि विभाग का छापा, दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई

थानेश्वर बंजारे

छुरा-:जिले के छुरा विकासखंड के ग्राम मंडेली स्थित चंदन मेडिकोज में औषधि विभाग ने शिकायत के आधार पर बुधवार को औचक छापेमारी की। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर में एक्सपायर्ड दवाइयां मिलने के साथ लाइसेंस नवीनीकरण और दवाइयों की खरीदी-बिक्री से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं पाए गए। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने मेडिकल स्टोर में दवाइयों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाते हुए प्रतिष्ठान बंद करवा दिया।

ड्रग कंट्रोल ऑफिसर धर्मवीर सिंह ध्रुव ने स्वास्थ्य विभाग छुरा की टीम के साथ यह कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान संचालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वहीं, दुकान में बिक्री के लिए रखी दवाइयों के बीच एक्सपायर्ड दवाइयां भी मिलीं। विभाग ने एक दवा का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है।

विभागीय जानकारी के अनुसार, जांच रिपोर्ट और आगे की वैधानिक प्रक्रिया के आधार पर मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। कार्रवाई के दौरान ड्रग कंट्रोल ऑफिसर धर्मवीर सिंह ध्रुव, कालेश्वर यादव सहित विभागीय स्टाफ और स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. प्रजापति मौजूद रहे।

औषधि विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप है। वहीं, दवाइयों के कारोबार में नियमों के पालन और मरीजों की सुरक्षा को लेकर विभाग की सख्ती को अहम कदम माना जा रहा है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई