सेवा ज्योति यात्रा में गूंजा सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश

SHARE:

गरियाबंद में निकली भव्य यात्रा, विकसित भारत@2047 के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ समापन

गरियाबंद-:भारतीय जनता पार्टी गरियाबंद द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ एवं ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। इनडोर स्टेडियम में आयोजित सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के लाइव संबोधन को उपस्थित लोगों ने वर्चुअल माध्यम से सुना। इसके बाद अतिथियों ने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ किया।

इनडोर स्टेडियम से निकली सेवा ज्योति रथ, ज्योति, मशाल एवं कलश यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुलिस परेड ग्राउंड पहुंची। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ युवा, सामाजिक व स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। देशभक्ति गीतों और नारों से शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।

पुलिस परेड ग्राउंड में ‘विकसित भारत@2047’ की संकल्पना को साकार करने के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया। यहां ‘सेवा के रंग’ थीम पर बनाई गई विशाल रंगोली आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। सेवा ज्योति रथ, मशाल और कलश यात्रा भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महासमुंद सांसद एवं भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सेवा केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत@2047’ केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि देश के नागरिकों का सामूहिक संकल्प है।

चौधरी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने, जरूरतमंदों की सहायता करने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से सेवा भावना को जीवन का हिस्सा बनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू, जिला भाजपा संगठन प्रभारी अमित चिमनानी, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, गोवर्धन मांझी, डमरूधर पुजारी, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव एवं महेश यादव, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, श्वेता शर्मा, जिला महामंत्री आशीष शर्मा सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ का नामकरण

इनडोर स्टेडियम के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित चौक का नामकरण भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ के रूप में किया। उन्होंने नगर पालिका को चौक का निर्माण कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। अब यह चौक इसी नाम से जाना जाएगा

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment