नहीं रहीं चरौदा की ‘सिस्टर दीदी’, 30 साल की सेवा के बाद पूनम ध्रुव का निधन
फिंगेश्वर/चरौदा-:चरौदा उप स्वास्थ्य केंद्र में करीब 30 वर्षों तक निस्वार्थ सेवा देने वाली स्वास्थ्य कार्यकर्ता पूनम ध्रुव का रविवार मध्यरात्रि करीब 3 बजे हृदयगति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही चरौदा सहित फिंगेश्वर और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। ‘सिस्टर दीदी’ के नाम से पहचानी जाने वाली पूनम ध्रुव के निधन से क्षेत्र के लोग गहरे सदमे में हैं।
पूनम ध्रुव ने करीब तीन दशक तक चरौदा और आसपास के ग्रामीणों की सेवा की। अपने सहज, मधुर और निस्वार्थ व्यवहार के कारण उन्होंने लोगों के दिलों में खास जगह बनाई थी। स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के समय ग्रामीणों के लिए वे हमेशा तत्पर रहती थीं। यही वजह है कि उनके निधन को लोग अपने परिवार के सदस्य के बिछड़ने जैसा मान रहे हैं।
पूनम ध्रुव के पति भगवान सिंह ध्रुव फिंगेश्वर थाना में पुलिस कांस्टेबल के पद पर पदस्थ हैं। उनके आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूनम ध्रुव अपने पीछे पति और दो पुत्रों को छोड़ गई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों, सहकर्मियों और ग्रामीणों में शोक व्याप्त है।
अंतिम समय तक करती रहीं भगवान शिव का जाप
निधन से एक दिन पहले ही पूनम ध्रुव की शिव मंदिर में मुलाकात हुई थी। उस दौरान उन्होंने मुस्कुराते हुए ‘श्रीशिवाय नमस्तुभ्यम’ कहा था। पति भगवान सिंह ध्रुव के अनुसार रात करीब 11 बजे तक उनका स्वास्थ्य सामान्य था, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ गई। अंतिम समय तक वे भगवान शिव का मंत्र जाप करती रहीं।
पूनम ध्रुव भगवान शिव की परम भक्त थीं। उन्होंने अपने निजी प्रयासों से चरौदा में शिव मंदिर के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आगामी 24 अगस्त सोमवार को मंदिर में जलाभिषेक कार्यक्रम होना था, जिसकी तैयारियों में वह पिछले कुछ दिनों से जुटी थीं। लेकिन कार्यक्रम से पहले ही उनका आकस्मिक निधन हो गया।
‘चरौदा मेरी कर्मभूमि है’—कहती थीं पूनम ध्रुव
मूल रूप से कोरासी, छुरा की रहने वाली पूनम ध्रुव चरौदा को अपनी कर्मभूमि मानती थीं। वे अक्सर कहा करती थीं कि ‘चरौदा मेरी कर्मभूमि है, अंतिम सांस यहीं छोड़ूंगी और यहीं की मिट्टी में समा जाऊंगी।’ आज उनका यह कथन भावुक कर देने वाली सच्चाई बन गया।
उनके निधन से चरौदा सहित फिंगेश्वर क्षेत्र और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, ग्रामीणों और परिचितों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि करीब 30 वर्षों तक लोगों की सेवा करने वाली ‘सिस्टर दीदी’ की कमी हमेशा महसूस होती रहेगी।
परिवार के सूत्रों के अनुसार पूनम ध्रुव का अंतिम संस्कार चरौदा मुक्तिधाम में किया जाएगा।
विनम्र श्रद्धांजलि।
ॐ शांति शांति शांति।
श्रीशिवाय नमस्तुभ्यम।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




