राजिम सतनामी समाज परिक्षेत्र ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग , समाज में आक्रोश

SHARE:

गरियाबंद /राजिम -:महासमुंद निवासी हर्ष चंद्राकर के विरुद्ध सतनामी समाज के युवक विवेक कुर्रे के साथ कथित मारपीट, जातिसूचक गालियों तथा समाज के आराध्य परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के आरोप को लेकर सतनामी समाज में व्यापक आक्रोश व्याप्त है। इस मामले में राजिम सतनामी समाज परिक्षेत्र ने भी आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 जून 2026 को महासमुंद स्थित सपना बार में हुई घटना में विवेक कुर्रे के साथ कथित रूप से मारपीट की गई तथा उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया। आरोप है कि इस दौरान बाबा गुरु घासीदास जी के प्रति भी अभद्र एवं अशोभनीय टिप्पणी की गई, जिससे सतनामी समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

 

बताया जा रहा है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। घटना के बाद समाजजनों में नाराजगी बढ़ गई है। राजिम सतनामी समाज परिक्षेत्र के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने कहा कि यह घटना केवल एक व्यक्ति के सम्मान पर आघात नहीं, बल्कि पूरे सतनामी समाज की आस्था और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने वाली है।

 

राजिम सतनामी समाज परिक्षेत्र के अध्यक्ष कोमल ढीढी, सचिव कुलेश्वर सोनवानी, उपाध्यक्ष नरेन्द्र रात्रे, किरण टंडन, भुनेश्वरी बंजारे, मुन्ना कुर्रे, ज्ञानिकदास गायकवाड़, थानेश्वर बंजारे, विष्णु जांगड़े, शिवा मारकंडे, रामसिंग धृतलहरे एवं सनत टंडन सहित समाज के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रशासन से मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

 

समाज की ओर से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपी हर्ष चंद्राकर के विरुद्ध अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है।

 

समाजजनों ने कहा कि ऐसे कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं और दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है। राजिम सतनामी समाज परिक्षेत्र ने प्रशासन से जल्द न्याय सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो समाज लोकतांत्रिक तरीके से आगे की रणनीति बनाने के लिए बाध्य होगा।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment