राजिम। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ (राज्यमंत्री दर्जा) के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने आपातकाल की बरसी पर राजिम विश्रामगृह में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय है, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने के लिए देश में आपातकाल लागू कर लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों का दमन किया था।
यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि आपातकाल कोई राष्ट्रीय आवश्यकता नहीं, बल्कि एक राजनीतिक निर्णय था। इस दौरान प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया, समाचार पत्रों पर सेंसरशिप लागू की गई और हजारों राजनीतिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों तथा लोकतंत्र समर्थकों को जेल भेज दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की तानाशाही मानसिकता आज भी समाप्त नहीं हुई है और अवसर मिलने पर वह विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास करती है।
उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर गंभीर प्रहार हुआ था। मीडिया संस्थानों पर प्रतिबंध लगाए गए, अनेक पत्रकारों को गिरफ्तार किया गया तथा समाचार पत्रों को सरकारी दबाव का सामना करना पड़ा। भाजपा आज उस दौर की सच्चाई को जनता तक पहुंचाने का कार्य कर रही है ताकि भविष्य में लोकतंत्र पर ऐसा संकट दोबारा न आए।
इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि 25 जून 1975 का दिन भारतीय लोकतंत्र के लिए एक काला अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है तथा लोगों को लोकतंत्र के महत्व के प्रति जागरूक करने का कार्य करती रहेगी।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, जिला मीडिया प्रभारी राधेश्याम सोनवानी, मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




