गरियाबंद /राजिम-: राजिम बस स्टैंड में गुरुवार को करीब 10 से 11 माह का एक मासूम बच्चा लावारिस अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार एक महिला बच्चे को बस स्टैंड में छोड़कर कहीं चली गई। कुछ समय बाद बस में सवार एक यात्री की नजर बच्चे पर पड़ी, जिसके बाद उसने बच्चे को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर इसकी सूचना राजिम पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) गरियाबंद को अवगत कराया।
सूचना पर बाल कल्याण समिति की टीम भी मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर उसकी देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की। समिति द्वारा बच्चे के माता-पिता एवं परिजनों की तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि बच्चे के परिजनों का पता लगाया जा सके।
बाल कल्याण समिति के निर्देश पर मासूम को फिलहाल सुरक्षित देखरेख के लिए दत्तक ग्रहण केंद्र में रखा गया है, जहां उसकी समुचित देखभाल की जा रही है। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्चे या उसके परिजनों के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस अथवा बाल कल्याण समिति को सूचित करें।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




