मरवाही/रायपुर-: सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मरवाही विकासखंड के ग्राम निमधा में आम के पेड़ की छांव तले खाट पर बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने गांव की चौपाल में बिजली, पानी, राशन, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों एवं मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने जिले में नर्सिंग कॉलेज, ग्राम निमधा में मिनी स्टेडियम तथा सर्वसमाज के लिए विशाल मंगल भवन की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही तीनों मांगों को स्वीकृति प्रदान करते हुए घोषणा कर दी, जिससे ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बन गया।
बिजली आपूर्ति की समस्या उठने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने संबंधित राजस्व निरीक्षकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें ‘लखपति दीदी’ से आगे बढ़कर ‘करोड़पति दीदी’ बनने का लक्ष्य दिया। महिलाओं ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि उनके परिवार और बच्चों की शिक्षा में सहायक साबित हो रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में योजना की 28वीं किस्त प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में अंतरित की गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा ‘आजीविका गाथा’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक ग्रामीण महिलाओं के संघर्ष, आत्मविश्वास और सफलता की प्रेरक कहानियों का जीवंत दस्तावेज है।

ग्रामीण परिवेश में आयोजित इस अनूठी चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने सरई के दोना-पत्तल में परोसे गए जामुन, कोईलार भाजी, बेल का शरबत, आम की चटनी और आमपना का स्वाद भी लिया। उन्होंने कहा कि उनका यह दौरा केवल योजनाओं की समीक्षा नहीं, बल्कि लोगों के बीच जाकर उनकी वास्तविक जरूरतों और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास है। सुशासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और राज्य सरकार इसी संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




