गरियाबंद-:विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) गरियाबंद में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में जिला पुलिस बल के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत साप्ताहिक जनरल परेड से हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक ने सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं फलदार पौधा रोपकर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। पुलिस लाइन परिसर में आम, जामुन, अमरूद सहित विभिन्न छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पुलिस बल के राजपत्रित अधिकारी, रक्षित निरीक्षक तथा पुलिस लाइन के जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पुलिस परिवार ने हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




