
कमार परिवार को तत्काल राहत, राशन कार्ड से लेकर आवास सर्वे तक शुरू — प्रशासन बोला, “हर पात्र परिवार को मिलेगा योजना का लाभ”
गरियाबंद-:सोशल मीडिया एवं विभिन्न माध्यमों में प्रसारित एक विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) कमार परिवार की स्थिति संबंधी खबर पर जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संबंधित परिवार लंबे समय से उड़ीसा राज्य में निवासरत था और कुछ दिन पूर्व ही गरियाबंद जिले के देवभोग ब्लॉक क्षेत्र में वापस आया है। जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर परिवार को शासन की योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
जिला प्रशासन द्वारा जारी तथ्यात्मक जानकारी के अनुसार संबंधित परिवार का नाम वर्ष 2011 एवं 2018 की प्रधानमंत्री आवास योजना सर्वे सूची में शामिल नहीं था। वहीं वर्ष 2024 में किए गए नवीन सर्वेक्षण के दौरान भी परिवार ग्राम में निवासरत नहीं मिला था। प्रशासन का कहना है कि परिवार हाल ही में वापस लौटा है, जिसके बाद अब उनका PM-JANMAN योजना के तहत सर्वे कराया जा रहा है।
प्रशासन ने बताया कि पात्रता अनुसार आगामी तीन माह के भीतर परिवार को आवास स्वीकृति दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके साथ ही तत्काल राहत देते हुए परिवार का राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनवाया गया है। वर्तमान में ग्राम पंचायत स्तर पर रहने की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में सभी पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जा रहा है तथा शेष पात्र परिवारों की सूची तैयार कर भारत सरकार से स्वीकृति की प्रतीक्षा की जा रही है। प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि कोई भी पात्र परिवार शासन की योजनाओं से वंचित न रहे।
सीईओ का बयान
सीईओ ने कहा कि
“यह कमार परिवार लंबे समय से उड़ीसा राज्य में निवासरत था और कुछ दिन पूर्व ही वापस आया है। जानकारी मिलते ही तत्काल राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनवाया गया है। साथ ही PM-JANMAN के तहत आवास सर्वे भी कराया जा रहा है। नियमानुसार जल्द ही आवास स्वीकृत किया जाएगा।”
सोशल मीडिया में मामले के वायरल होने के बाद प्रशासन की त्वरित सक्रियता को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक चर्चा है। स्थानीय स्तर पर भी यह माना जा रहा है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




