“केलों के नीचे ‘काला कारोबार’! 4.5 करोड़ का गांजा पकड़ाया, महासमुंद पुलिस का ऑपरेशन निश्चय फिर हिट”

SHARE:

ओडिशा से यूपी जा रही थी ‘नशे की खेप’, फर्जी नंबर प्लेट से दे रहे थे पुलिस को चकमा

 

महासमुंद -:जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में महासमुंद पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। ऑपरेशन “निश्चय” के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 912 किलो 760 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये बताई जा रही है।

 

इसके साथ ही परिवहन में इस्तेमाल वाहन, मोबाइल और फर्जी नंबर प्लेट समेत कुल 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

 

केलों की बोरियों में छिपा था ‘नशे का जखीरा’

 

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक मालवाहक वाहन महासमुंद के रास्ते भारी मात्रा में गांजा लेकर गुजरने वाला है।

 

सूचना पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और बसना थाना पुलिस ने पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी की। जांच के दौरान एक आईशर प्रो 2059 वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें केले की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई 29 बोरियों में गांजा बरामद हुआ।

 

फर्जी नंबर प्लेट से ‘हाईटेक तस्करी’

 

तस्करों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए वाहन में अलग-अलग राज्यों की चार फर्जी नंबर प्लेट लगाई हुई थीं। इनमें ओडिशा और उत्तरप्रदेश के नंबर शामिल थे।

यह तरीका इस बात का संकेत है कि गिरोह काफी संगठित और तकनीकी तरीके से काम कर रहा था।

 

झारखंड का आरोपी गिरफ्तार

 

इस मामले में पुलिस ने वाहन चालक अब्दुल नईम (42 वर्ष) निवासी जमशेदपुर, झारखंड को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

ओडिशा से यूपी तक फैला नेटवर्क

 

प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गांजे की यह बड़ी खेप ओडिशा से उत्तरप्रदेश भेजी जा रही थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 

3 महीनों में 5.6 टन से ज्यादा गांजा जब्त

 

महासमुंद पुलिस के मुताबिक, पिछले तीन महीनों में जिले में

72 मामले दर्ज

5629 किलो से ज्यादा गांजा जब्त

187 आरोपी गिरफ्तार (52 छत्तीसगढ़, 135 अन्य राज्यों के)

 

एसपी ने टीम की सराहना की

 

इस बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

 

महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब तस्करों के लिए जिले की सीमाएं सुरक्षित नहीं रहीं। “केलों के बीच छिपा खेल” आखिरकार पुलिस के जाल में फंस ही गया।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment