महासमुंद-:महासमुंद जिले में एक बार फिर दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। बागबाहरा रोड स्थित लभरा खुर्द इलाके में एक पुराने सुनसान कुएं से बोरी में बंद अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों ने जब इलाके में तेज सड़न की बदबू महसूस की तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब कुएं में देखा, तो एक बोरी पानी में तैरती नजर आई। काफी मशक्कत के बाद जब बोरी को बाहर निकाला गया, तो उसके अंदर एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिला।
जांच में सामने आया कि हत्यारों ने शव को छिपाने के लिए बेहद क्रूर और सुनियोजित तरीका अपनाया था। शव को बोरी में बंद कर मोटी रस्सी से कसकर बांधा गया था और उसके साथ भारी बोल्डर बांधकर कुएं में फेंक दिया गया, ताकि शव लंबे समय तक पानी में दबा रहे और किसी को भनक न लगे। हालांकि सड़न की बदबू ने इस खौफनाक राज से पर्दा हटा दिया।
फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला, लेकिन शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान कर पाना फिलहाल संभव नहीं है। पुलिस अब जिलेभर के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। साथ ही डीएनए टेस्ट, पोस्टमॉर्टम और आसपास के CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या का तरीका बेहद पेशेवर और योजनाबद्ध प्रतीत हो रहा है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी अनुभवी हो सकते हैं।
एक हफ्ते में दूसरी वारदात, बढ़ा डर का माहौल
महासमुंद में एक हफ्ते के भीतर यह दूसरी बड़ी आपराधिक घटना है, जिससे लोगों में भय का माहौल गहराता जा रहा है। जिस जिले को कभी शांत माना जाता था, वहां अब लगातार बढ़ते अपराध चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में नशे का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है, जिससे युवा अपराध की ओर आकर्षित हो रहे हैं। छोटी-छोटी बातों पर हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं।
जनता की मांग
नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो
पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए
युवाओं में जागरूकता अभियान चलाया जाए
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी, संदेह या सुराग मिले तो तुरंत नजदीकी थाना या हेल्पलाइन पर सूचना दें। आपकी एक छोटी सी जानकारी इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकती है।
महासमुंद अब सतर्क है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी कायम है — क्या प्रशासन इस बढ़ते अपराध पर लगाम लगा पाएगा?
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




