पूर्व बैंक मैनेजर 29 लाख की ठगी में गिरफ्तार, दो करोड़ जमा राशि से की थी हेराफेरी

SHARE:

नराजिम /नवापारा-:थाना गोबरा-नवापारा क्षेत्र में बैंक धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए DCB Bank की कुर्रा शाखा के पूर्व मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर बैंक में जमा राशि में से 29 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को प्रार्थी राकेश कंसारी, निवासी कसेरपारा नयापारा ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनके स्वर्गीय पिता ने संपत्ति विक्रय से प्राप्त धनराशि को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से कुर्रा स्थित डीसीबी बैंक शाखा में स्वयं, पत्नी, चार पुत्रों एवं दो बहुओं के नाम से अलग-अलग बचत खाते खुलवाए थे। इन खातों में कुल लगभग दो करोड़ रुपये जमा थे। आरोप है कि उस समय शाखा प्रबंधक रहे उत्कर्ष वर्मा (43 वर्ष), निवासी रावतपुरा कॉलोनी भटगांव, थाना टिकरापारा जिला रायपुर ने अन्य सहयोगियों के साथ आपराधिक षड्यंत्र रचकर कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर खातों से 29 लाख रुपये निकाल लिए। आरोपी ने लोक सेवक (बैंक अधिकारी) होने के बावजूद अपने पद का दुरुपयोग करते हुए न्यास भंग, छल एवं धोखाधड़ी की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 66/2026 पंजीबद्ध कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी उत्कर्ष वर्मा को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय रायपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बैंकिंग प्रणाली में विश्वास को ठेस पहुंचाने वाले मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण की विवेचना जारी है तथा अन्य संभावित संलिप्त आरोपियों की तलाश की जा रही है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई