गरियाबंद-:गरियाबंद जिले के बोडराबांधा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोडराबांधा स्थित खुड़ियाडीह मोड़ पर बुधवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया, जिसमें जामली निवासी 32 वर्षीय सुनील साहू बिसराम की मौके पर ही मृत्यु हो गई। रोज की तरह काम से घर लौट रहे युवक की जिंदगी इस खतरनाक मोड़ पर थम गई। मिली जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली मशीन से लदा एक लोडर वाहन ग्राम बोडराबांधा के खुड़ियाडीह मोड़ पर सड़क किनारे खड़ा था। मोड़ संकरा होने और दृश्यता सीमित रहने के कारण पीछे से आ रही सुनील की बाइक सीधे लोडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि खुड़ियाडीह मोड़ पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है। शाम के समय वाहनों की आवाजाही अधिक रहने के कारण यहां अतिरिक्त सतर्कता की आवश्यकता होती है, लेकिन भारी वाहन खड़े रहने से जोखिम और बढ़ जाता है।हादसे की खबर मिलते ही
गांव जामली और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस मार्ग से होकर सुनील रोज अपने घर पहुंचता था, उसी मार्ग के अंतिम मोड़ ने उसकी जिंदगी की डोर छीन ली।सूचना मिलते ही छुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम बोडराबांधा के खुड़ियाडीह मोड़ पर सुरक्षा संकेतक, चेतावनी बोर्ड और भारी वाहनों की पार्किंग पर सख्त नियम लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




