गरियाबंद-:जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल में प्राचार्य वंदना पांडेय की बहाली के बाद विवाद गहराता जा रहा है। सोमवार को सैकड़ों छात्र स्कूल से पैदल मार्च करते हुए गरियाबंद कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा। छात्रों का कहना था— “जब तक मैडम नहीं हटेंगी, हम कलेक्ट्रेट नहीं छोड़ेंगे।”
2 किलोमीटर पैदल मार्च, शिक्षक भी नाराज
कड़कड़ाती धूप में छात्र करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। बताया जा रहा है कि कुछ शिक्षकों ने भी असंतोष जताते हुए सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दी है। स्कूल में 28 शिक्षकों का एक पक्ष और बहाल प्राचार्य का दूसरा पक्ष आमने-सामने बताया जा रहा है, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
बहाली आदेश बना विवाद की वजह
जानकारी के अनुसार 17 अक्टूबर 2025 को अनुशासनहीनता और लापरवाही के आरोप में निलंबित की गई प्राचार्य को 29 जनवरी 2026 को शासन ने बहाल किया था। आदेश में उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी के विवेक से अन्यत्र पदस्थ करने की शर्त का उल्लेख बताया जा रहा है, लेकिन पुनः उसी स्कूल में पदस्थापना से असंतोष उभर आया।
सोशल मीडिया और ‘छवि धूमिल’ का आरोप
कुछ शिक्षिकाओं का आरोप है कि निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की गई। इसे लेकर भी स्कूल में गुटबाजी और तनाव की स्थिति बनी हुई है।
*इंटर्नशिप राशि में ‘कट-मनी’ का आरोप*
प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि इंटर्नशिप के तहत मिलने वाली 1500 रुपये की राशि में से 200 रुपये कमीशन मांगा गया। पूर्व में एडमिशन के दौरान भी पैसों की मांग की शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन ने दिया जांच का आश्वासन
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाइश दी। शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन स्कूल का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हुआ है।गरियाबंद के इस घटनाक्रम ने शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निर्णयों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




