ग्राम दुधकइया बना रणक्षेत्र, पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप — लाठी-डंडों से हमला, लूटपाट, तीन आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

गरियाबंद। जिले के ग्राम दुधकिया में पुराने विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया, जिससे गांव कुछ समय के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई, वाहनों को रोका गया और राह चलते लोगों से मारपीट व लूटपाट की घटनाएं सामने आईं। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई, हालांकि पुलिस की तत्पर कार्रवाई से हालात पर काबू पा लिया गया।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 01 फरवरी 2026 को ग्राम दुधकिया में पेट्रोल पंप के पास पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया। इस दौरान मोबाइल फोन और नकदी लूटने की भी शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना को लेकर थाना राजिम में अलग-अलग मामलों में गंभीर धाराओं के तहत अपराध

पंजीबद्ध किया गया है।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। मारपीट में घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। एक पुलिसकर्मी भी ड्यूटी के दौरान घायल हुआ है, जिसे रायपुर रेफर किया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी

लगातार मौके पर डटे हुए हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करने की अपील की है। फिलहाल ग्राम दुधकिया में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment