खट्टी मोड़ बना मौत का कुंआ: ट्रैक्टर पलटने से मजदूर की दर्दनाक मौत, फिर उजड़ा एक घर

SHARE:

गरियाबंद /पांडुका-:पांडुका अंचल के ग्राम खट्टी मोड़ पर एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। गुरुवार सुबह लगभग 8 बजे ईंटों से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया, जिससे ट्रैक्टर में सवार मजदूर हेमाल राजेंद्र साहू (उम्र 50 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुंजन फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट से ईंट लेकर ट्रैक्टर निर्माण कार्य हेतु पास के गांव की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर खट्टी मोड़ के पास पहुंचा, तभी तेज और खतरनाक मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर खेत में जा पलटा। पलटते ही ईंटों के नीचे दबने से मजदूर हेमाल साहू की मौके पर ही मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर जांच में जुट गई। वहीं हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों व राहगीरों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।

गौरतलब है कि खट्टी मोड़ क्षेत्र वर्षों से डेंजर ज़ोन बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मोड़ पर अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर जीवनभर के लिए अपंग हो गए हैं। गलत डिजाइन में बने इस मोड़ को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

 

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते स्पीड ब्रेकर, संकेतक बोर्ड, सड़क सुधार और सुरक्षा इंतजाम किए जाते, तो शायद आज एक और घर का चिराग न बुझता। जनता ने एक बार फिर प्रशासन से इस मोड़ को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई