नगर पंचायत अध्यक्ष के अड़ियल रवैये की भेंट चढ़ता अटल परिसर, अटल जयंती पर भी अधूरा निर्माण
गरियाबंद-:नगर पंचायत कोपरा के दुर्गा चौक क्षेत्र में निर्माणाधीन अटल परिसर (मूर्ति परिसर) एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गया है। पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर बनने वाले इस परिसर के निर्माण में तकनीकी अनियमितता, घटिया सामग्री, स्थान परिवर्तन और गुणवत्ता से समझौते के आरोप सामने आए हैं।

स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि भूमिपूजन एक स्थान पर कराया गया, जबकि निर्माण कार्य किसी अन्य स्थान पर किया जा रहा है, जो अपने आप में नियमों का खुला उल्लंघन है। इससे पूरे निर्माण की वैधता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटिया सामग्री, गंदगी के बीच निर्माण
स्थानीय लोगों का कहना है कि अटल परिसर के निर्माण में अत्यंत निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। इतना ही नहीं, स्कूल भवन से सटे और गंदगी से भरे क्षेत्र में ढांचा खड़ा किया जा रहा है, जबकि लोगों की मांग है कि अटल परिसर का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास, स्वच्छ और खुले स्थान पर होना चाहिए, ताकि यह एक प्रेरणास्थल के रूप में विकसित हो सके।
20 लाख की राशि, फिर भी अधूरा काम*
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अटल परिसर निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की राशि नगर पंचायत को प्रदान की गई थी। करीब एक वर्ष पूर्व तत्कालीन नगर पंचायत अध्यक्ष नोगेश्वर साहू द्वारा भूमि पूजन किया गया था, लेकिन निर्माण एजेंसी की लापरवाही और सुस्त कार्यप्रणाली के चलते आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका।
आज जब अटल जयंती मनाई जा रही है, तब कोपरा नगर में अटल परिसर का अधूरा रहना कार्यकर्ताओं और आम जनता में नाराजगी का बड़ा कारण बन गया है।
*नगर पंचायत अध्यक्ष पर अड़ियल रवैये का आरोप*
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष के अड़ियल रवैये के कारण न तो स्थल परिवर्तन पर सहमति बन पा रही है और न ही निर्माण की गुणवत्ता पर कोई ठोस कार्रवाई हो रही है। यही कारण है कि अटल परिसर जैसे महत्वपूर्ण परियोजना विवादों में उलझती जा रही है।
*विवादित जमीन पर निर्माण का आरोप*
मामले को और गंभीर बनाते हुए कोपरा निवासी नरेश निषाद ने राजिम अनुविभागीय राजस्व कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अटल परिसर का निर्माण विवादित जमीन पर कराया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है।
*बुद्धिजीवियों ने उठाए तीखे सवाल*
सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों का कहना है कि अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेता के नाम पर बनने वाले परिसर में इस तरह की लापरवाही उनके सम्मान के साथ खिलवाड़ है।
उन्होंने मांग की है कि —
निर्माण कार्य की तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराई जाए
दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई हो
निर्माण स्थल और गुणवत्ता को लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए
*अन्य नगरों में बन चुके अटल परिसर*
गौरतलब है कि गरियाबंद जिले के गरियाबंद, राजिम, छुरा और फिंगेश्वर में अटल परिसर बनकर तैयार हो चुके हैं, लेकिन कोपरा नगर पंचायत में अब तक अधूरा निर्माण प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है।
अब देखना होगा कि जांच के बाद क्या तथ्य सामने आते हैं, और क्या अटल जी के नाम पर हो रहे इस कथित खेल पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई होती है या मामला यूँ ही ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




