पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त जारी

SHARE:

9 करोड़ किसानों को 18,000 करोड़ का हस्तांतरण, रबी में दलहन-तिलहन फसलों को बढ़ावा का आह्वान

गरियाबंद-: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त के अंतर्गत किसानों के खातों में 18,000 करोड़ रुपये का हस्तांतरण किए जाने के उपलक्ष्य में कृषि विज्ञान केंद्र गरियाबंद में 19 नवम्बर को जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोयम्बटूर, तमिलनाडु में आयोजित दक्षिण भारत प्राकृतिक खेती सम्मेलन के शुभारंभ के साथ किसान सम्मान निधि हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया, जिसमें देशभर के 9 करोड़ किसानों को 2,000 रुपये उनके बैंक खातों में भेजे गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत गरियाबंद की उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख मनीष चौरसिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि किसान सम्मान निधि की यह किस्त रबी सीजन की तैयारी में किसानों के लिए महत्वपूर्ण सहयोग साबित होगी।

मुख्य अतिथि ठाकुर ने कहा कि यह योजना किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बन रही है। उन्होंने कृषकों से रबी सीजन में धान के स्थान पर दलहन एवं तिलहन जैसी वैकल्पिक फसलों को अपनाने की अपील की, जिससे फसल चक्रण को बढ़ावा मिलेगा और जल संरक्षण में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण से किसानों की आमदनी भी बढ़ेगी।

कृषि विभाग के उप संचालक चन्दन रॉय ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों तुषार मिश्रा, मनीष कुमार आर्या, शालू अब्राहम और प्रवीण कुमार जामरे ने क्रमशः उन्नत किस्मों, कीट-रोग प्रबंधन, मिट्टी पोषण, प्राकृतिक खेती के विभिन्न अवयवों तथा रबी फसलों हेतु उन्नत कृषि यंत्रों के उपयोग पर तकनीकी जानकारी दी।

कार्यक्रम में जीवामृत, घनजीवामृत निर्माण और पैरा प्रबंधन का सजीव प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर लोक आस्था संस्थान गरियाबंद की लता नेताम सहित छुरा ब्लॉक के कृषक तथा आसरा, बोडराबंधा, पोंड, जेंजरा, कोकड़ी सहित अन्य ग्रामों के लगभग 350 किसान उपस्थित रहे।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment