गृहमंत्री का महासमुंद एसपी से सवाल – “क्या आपका जिला छत्तीसगढ़ से बाहर है?”
रायपुर-:राजधानी रायपुर में आयोजित कलेक्टर–एसपी कांफ्रेंस के दौरान उस वक्त माहौल गर्मा गया, जब मंच पर बैठे गृहमंत्री विजय शर्मा और महासमुंद एसपी आशुतोष सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में हुए इस वाकये से पूरा हॉल कुछ देर के लिए सन्न रह गया। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री जब महिला अपराधों की समीक्षा कर रहे थे, तब महासमुंद जिले का प्रदर्शन अन्य जिलों की तुलना में कमजोर पाया गया। आंकड़ों में महिला अपराधों की दर अधिक होने पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने सीधे महासमुंद एसपी आशुतोष सिंह से सवाल दागा —
महिला अपराधों के मामलों में आपके जिले की स्थिति इतनी खराब क्यों है?
“60 दिन के भीतर चालान क्यों पेश नहीं हो रहे हैं?”
इस पर एसपी आशुतोष सिंह ने जवाब दिया कि जिले के कई आरोपी “माइग्रेट होकर दूसरे राज्यों में चले जाते हैं”, जिससे गिरफ्तारी में देरी होती है। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि महासमुंद श्रमिक बाहुल्य जिला है, जहां बड़ी संख्या में लोग रोज़गार की तलाश में बाहर रहते हैं।
एसपी का यह जवाब सुनकर गृहमंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने तीखे लहजे में कहा —
“क्या आपका जिला छत्तीसगढ़ से बाहर है? गृहमंत्री के इस जवाब से माहौल एकदम असहज हो गया। बताया जाता है कि एसपी आशुतोष सिंह अपनी बात पर अड़े रहे, जिसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बातचीत को अगले एजेंडे पर बढ़ाते हुए माहौल को शांत किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान सख्त लहजे में कहा“महिला और बालिका से जुड़े अपराधों में संवेदनशीलता, तत्परता और दृढ़ता से कार्रवाई करना जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों की जांच में देरी या औपचारिकता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के एसपी को यह भी आदेश दिए कि महिला अपराधों से जुड़े मामलों में समय-सीमा के भीतर चालान पेश करें, ताकि पीड़िताओं को जल्द न्याय मिल सके।
राज्य की पुलिसिंग पर बड़ा सवाल
कलेक्टर–एसपी कांफ्रेंस में सामने आई यह नोकझोंक अब प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। एक ओर मुख्यमंत्री ने महिला अपराधों पर सख्ती के संकेत दिए हैं, तो दूसरी ओर पुलिस अधिकारियों के तर्क सरकारी कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




