मैनपुर ग्राम पंचायत सचिव का तुगलकी फरमान — टैक्स नहीं भरा तो नहीं मिलेगा राशन

SHARE:

नगरवासियों में भारी आक्रोश, कलेक्टर से कार्रवाई की मांग

गरियाबंद मैनपुर-:गरियाबंद जिले के विकासखंड मुख्यालय मैनपुर खुर्द से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत सचिव ने सहकारी सोसाइटी के सेल्समैन को लेटरपैड पर निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिन हितग्राहियों ने नल-जल, प्रकाशकर, संपत्ति कर, धंधा कर या अन्य टैक्स का भुगतान नहीं किया है, उन्हें राशन सामग्री — चावल, शक्कर, चना और नमक — न दी जाए।सचिव के इस “तुगलकी फरमान” के बाद पूरे नगर में हड़कंप मच गया है। राशन लेने पहुंचे गरीब हितग्राहियों को जब सामग्री नहीं दी गई तो आक्रोश फैल गया। यह लेटर सोशल मीडिया और वाट्सऐप ग्रुप्स में तेजी से वायरल हो गया है।नगरवासियों ने बताया कि दीपावली जैसे बड़े त्यौहार से पहले राशन रोकना गरीबों के साथ नाइंसाफी है। कई बुजुर्गों ने कहा कि वे मेहनत-मजदूरी करके मुश्किल से रोजी-रोटी चलाते हैं, अब राशन पाने के लिए टैक्स भरने का दबाव बनाया जा रहा है, जो अनुचित है।

जनपद सीईओ बोले — “ग्राम पंचायत को राशन रोकने का अधिकार नहीं

मामला सामने आने के बाद जनपद पंचायत मैनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री श्वेता वर्मा ने स्पष्ट कहा कि ग्राम पंचायत को राशन वितरण पर रोक लगाने का कोई अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा, “खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत किसी भी पात्र हितग्राही को राशन से वंचित नहीं किया जा सकता। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, सभी को राशन मिलेगा।”

पहले सुविधा दो, फिर टैक्स लो” — नगरवासियों की नाराजगी

नगर के लोगों ने कहा कि पंचायत पिछले कई वर्षों से मूलभूत सुविधाएं देने में असफल रही है। पिछले 8 से 10 सालों से स्ट्रीट लाइटें बंद हैं, गली-मोहल्लों और तालाबों में कचरे का ढेर लगा है, साप्ताहिक बाजार से लेकर मुख्य मार्ग तक गंदगी फैली है।

पेयजल की समस्या लगातार बनी हुई है और सड़कें कीचड़ में तब्दील हैं।

लोगों का कहना है कि जब तक मूलभूत सुविधाएं नहीं दी जातीं, तब तक टैक्स वसूली का कोई औचित्य नहीं है। “हम टैक्स देने से पीछे नहीं हैं, लेकिन पहले सुविधा तो दी जाए,” ऐसा नगरवासियों ने कहा।

टैक्स वसूली के नियमों की उड़ाई जा रही धज्जियां

पंचायती राज अधिनियम के अनुसार टैक्स वसूली से पहले नोटिस जारी कर नागरिकों को अवगत कराना आवश्यक होता है। लेकिन मैनपुर में न तो किसी प्रकार की सुविधा दी गई और न ही नियमों का पालन किया गया। सीधे राशन रोकने का आदेश जारी कर सचिव ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़ा कर दिया है।

सचिव ने दिया बयान

ग्राम पंचायत सचिव संजय नंदलाल ने बताया कि उन्होंने यह आदेश पंचायत के सरपंच एवं अन्य प्रतिनिधियों के निर्देश पर जारी किया है। साथ ही, पंचायत स्तर पर टैक्स वसूली का दबाव भी बताया गया।

कलेक्टर से कार्रवाई की मांग

मैनपुर के नागरिकों ने जिला कलेक्टर भगवान सिंह उईके से मांग की है कि इस मामले में तत्काल कार्रवाई की जाए और दीपावली से पहले सभी पात्र हितग्राहियों को राशन सामग्री उपलब्ध कराई जाए।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment