कब्रिस्तान से सटी भूमि पर बने 22 दुकानों पर चला बुलडोज़र, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात — मुस्लिम समाज ने जताया विरोध
गरियाबंद एक्सप्रेस न्यूज़ |
गरियाबंद-:गरियाबंद शहर में सोमवार को जिला प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए कब्रिस्तान से सटी भूमि पर बने करीब 22 दुकानों को ध्वस्त करना शुरू किया। यह कार्रवाई अपर कलेक्टर पंकज डहारे के नेतृत्व में की जा रही है।जानकारी के अनुसार, लंबे समय से कब्रिस्तान से लगी शासकीय भूमि पर अवैध रूप से दुकानों का निर्माण किया गया था। प्रशासन को इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद अधिकारियों ने उक्त निर्माण को अवैध पाया और अवैध कब्जा हटाने की कार्यवाही शुरू की।सुबह से ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया और 6 पोकलेन मशीनों की मदद से दुकानों को गिराने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। इस दौरान एसडीओपी, तहसीलदार, राजस्व अमला और बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात रहे। क्षेत्र में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।वहीं, इस कार्रवाई को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध जताया है। उनका कहना है कि जिस भूमि पर कार्रवाई की जा रही है, उससे जुड़ा मामला राजस्व मंडल न्यायालय रायपुर में विचाराधीन है। ऐसे में प्रशासन को न्यायालय के निर्णय तक
इंतजार करना चाहिए था।मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जब तक न्यायालय का आदेश नहीं आता, तब तक कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्दबाज़ी में कार्रवाई की तो धार्मिक सौहार्द पर भी असर पड़ सकता है।
दूसरी ओर, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह भूमि राजस्व अभिलेख में शासकीय भूमि के रूप में दर्ज है, और बार-बार नोटिस देने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत यह कार्यवाही की जा रही है।फिलहाल कार्रवाई जारी है और क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को तोड़ा जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों में लोगों की भारी भीड़ भी देखी जा रही है। प्रशासन की सख्त कार्रवाई से शहरभर में चर्चा का माहौल है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




