गरियाबंद/राजिम। जिले में सड़क हादसे लगातार जानलेवा साबित हो रहे हैं। गुरुवार को जिले के राजिम और छुरा थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल है जिसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।पहला हादसा राजिम-गरियाबंद मुख्य मार्ग पर ग्राम सिंधौरी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार लोहरशी निवासी युवक किसी काम से राजिम आ रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। राजिम थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।वहीं दूसरी घटना छुरा थाना क्षेत्र के जतमई मार्ग पर घटित हुई। यहाँ धमतरी जिले के ग्राम बेलरदोना निवासी युवक की सड़क पर खड़े रोलर वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।लगातार हो रही दुर्घटनाओं से आम लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने और बड़े वाहनों के लापरवाह खड़े रहने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। लोग प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




