रायपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा तहसील क्षेत्र में 400/220 केव्ही उपकेन्द्र कुरूद से राजिम तक 220 केव्ही डी.सी. डी.एस. लाइन निर्माण परियोजना के तहत किसानों को दी जाने वाली क्षतिपूर्ति राशि में भारी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। किसानों का आरोप है कि शासन और संबंधित विभागों ने नियमों और बाजार भाव की अनदेखी कर गलत मूल्यांकन किया है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।विद्युत हाई टेंशन लाइन के विस्तार कार्य के कारण निजी भू-स्वामियों की जमीन प्रभावित हुई, लेकिन अब तक उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिला। किसानों का कहना है कि केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड और नगर पालिका क्षेत्र के बाजार दर को नजरअंदाज कर मुआवजा राशि निर्धारित की गई। इतना ही नहीं, कुछ किसानों के नाम तो मुआवजा सूची में शामिल तक नहीं किए गए, जबकि उनकी जमीन सीधे प्रभावित हुई है।
अनुमान है कि मुआवजा राशि में गड़बड़ी करोड़ों रुपए तक पहुंच चुकी है। किसानों ने अधिकारियों पर जानबूझकर नियमों को दरकिनार कर गलत मूल्यांकन करने का आरोप लगाया है। इस लापरवाही से किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी अभनपुर से की थी, लेकिन एक माह बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे किसानों में गहरा आक्रोश है। प्रभावित किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही उचित और सही मुआवजा नहीं दिया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




