लापरवाही की भेंट चढ़ा युवक, तेज बहाव में बहा, शव बरामद

SHARE:

डोंगरगढ़। विकासखंड के ग्राम कोलेंद्रा और ठाकुर टोला के बीच एक नाले में हुई दर्दनाक घटना ने क्षेत्र को झकझोर दिया। रविवार को खैरागढ़ से लौट रहे युवक मिथिलेश वर्मा की तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। भारी बारिश और जलाशयों से आए पानी के चलते नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मिथिलेश ठाकुर टोला मार्ग से पैदल नाला पार कर रहा था। जैसे ही उसने स्टॉप डैम पर कदम रखा, उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन पानी की रफ्तार इतनी अधिक थी कि उसे नहीं बचाया जा सका। घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर कई घंटे तक तलाश अभियान चलाया और देर रात युवक का शव बरामद किया गया। जल संसाधन विभाग के एसडीओ असद सिद्दीकी ने बताया कि यह पानी ढारा और देवकट्टा जलाशयों से छोड़ा गया था। भारी वर्षा के कारण एनिकट के ऊपर से पानी बह रहा था। विभाग ने सभी गेट खोल दिए हैं, सिवाय एक गेट के जो तकनीकी खराबी के कारण जाम है। एसडीओ ने यह भी कहा कि प्रशासन की ओर से बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद लोग जोखिम उठाकर ऐसे रास्तों से गुजर रहे हैं। ग्राम पंचायत को समय रहते इस मार्ग को बंद कर देना चाहिए था, जिससे इस हादसे को टाला जा सकता था।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment