गिरौदपुरी-:परम् पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी की तपोभूमि गिरौदपुरी धाम आज एक नई चेतना का साक्षी बना, जहां “एक पेड़ मां के नाम” जैसे भावनात्मक और प्रेरणादायी अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस पुनीत अवसर पर आरंग विधायक एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त श्री गुरु ख़ुशवंत साहेब जी ने अखिल भारतीय सतनाम सेना के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं बड़ी संख्या में समाजजनों के साथ मिलकर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
गुरु साहेब ने इस अभियान को धरती मां के प्रति श्रद्धा और जिम्मेदारी की प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, “प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने की संकल्पना है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान इसी दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है।”
कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और गिरौदपुरी धाम को हरियाली से आच्छादित करने के उद्देश्य से किया गया। अभियान ने जनभागीदारी का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसमें सतनाम समाज, भाजपा कार्यकर्ता, वन विभाग, स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
वृक्षारोपण के दौरान लगाए गए पौधों को संरक्षण देने और दीर्घकालीन हरियाली बनाए रखने के लिए स्थानीय नागरिकों और संगठनों ने देखरेख की जिम्मेदारी भी ली।
यह अभियान सिर्फ पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह हर व्यक्ति को प्रकृति से जोड़ने और धरती मां के ऋण को चुकाने की दिशा में जनआंदोलन का रूप लेने की ओर अग्रसर है।
“आइए, हम सब मिलकर इस मुहिम को जन-जन तक पहुँचाएं और हर आंगन में हरियाली का दीप जलाएं।”

Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




