गरियाबंद उपजेल में विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर विशेष स्वास्थ्य शिविर, 140 कैदियों की जांच, 128 को लगाया गया टीका

SHARE:

गरियाबंद-:हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व हेपेटाइटिस दिवस का आयोजन गरियाबंद जिले में जागरूकता और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए किया गया। इस वर्ष की थीम “Hepatitis: Let’s Break it Down” पर आधारित यह कार्यक्रम शासन के निर्देशानुसार आयोजित हुआ।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एस. नवरत्न, नोडल अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत जांगड़े, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री गनपत कुमार नायक एवं डॉ. शंकर पटेल के मार्गदर्शन में तथा डॉ. विपिन बिहारी अग्रवाल की उपस्थिति में जिला उपजेल गरियाबंद में विशेष शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 140 कैदियों की हेपेटाइटिस बी एवं सी की जांच की गई। जांच में 2 कैदी हेपेटाइटिस पॉजिटिव पाए गए, जबकि 128 कैदियों को हेपेटाइटिस-बी का टीका लगाया गया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवरत्न ने हेपेटाइटिस के लक्षण, कारण एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस दूषित भोजन, पानी, शराब, वसा युक्त खानपान और असुरक्षित जीवनशैली के कारण फैलता है। इसके लक्षणों में बुखार, थकान, उल्टी, भूख कम लगना, त्वचा में खुजली, गहरे रंग का पेशाब और शरीर दर्द शामिल हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि हेपेटाइटिस बी और सी संक्रमण असुरक्षित इंजेक्शन, गोदना, कान-नाक छिदवाने में संक्रमित सूई के उपयोग, असुरक्षित यौन संबंध और संक्रमित रक्त के संपर्क से फैलता है। इससे बचाव के लिए सावधानी बरतना जरूरी है, जैसे कि सिंगल यूज सिरिंज और ब्लेड का उपयोग करना, प्रमाणित ब्लड बैंक से ही रक्त लेना, और नवजात शिशुओं को समय पर टीका देना।

शिविर में जानकारी दी गई कि जिले के सभी शासकीय अस्पतालों में हेपेटाइटिस बी एवं सी की निःशुल्क जांच, परामर्श, उपचार और टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है। नागरिकों से अपील की गई कि वे समय रहते नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।

इस विशेष शिविर में श्री लंबोदर महतो (डीडीएम आईडीएसपी), सुश्री कविता जगत, श्रीमती यूलिका देवांगन, श्रीमती राजरानी साह, श्रीमती पूजा साहू, श्री गजेश्वर साहू तथा जिला उपजेल की पूरी टीम का सराहनीय सहयोग रहा।

यह आयोजन स्वास्थ्य सेवा विभाग द्वारा जनहित में जागरूकता फैलाने और हेपेटाइटिस उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment