जिले को कुपोषण मुक्त करने प्रशासन की पहल तेज़, 150 से अधिक बच्चों की हुई जांच – डॉ. भट्टर ने कहा, कुपोषण से लड़ाई में पोषण सबसे बड़ा हथियार

SHARE:

गरियाबंद-:जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में आज वन विभाग के ऑक्सन हॉल में कुपोषित बच्चों के लिए विशेष मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया। इस शिविर में प्रदेश के प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक भट्टर और उनकी टीम द्वारा 150 से अधिक कुपोषित बच्चों की जांच की गई और नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

शिविर में दो माह से 15 वर्ष तक के बच्चों का वजन माप, वृद्धि चार्ट, स्वास्थ्य परीक्षण और खानपान संबंधी सलाह दी गई। बच्चों के अभिभावकों को पोषणयुक्त आहार की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर नवीन भगत, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पाण्डेय सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और मेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।

“प्रशासन बच्चों के पोषण व स्वास्थ्य को लेकर गंभीर”
कलेक्टर ने कहा कि जिले में चिन्हांकित गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को विशेष पोषण आहार और स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं। ऐसे बच्चों को गोद लेने की अपील की गई है, जिस पर समाज के विभिन्न वर्गों का सहयोग मिल रहा है।

“कुपोषण बीमारी की जड़, इलाज जरूरी” – डॉ. भट्टर
डॉ. अशोक भट्टर ने कहा कि यह स्वास्थ्य शिविर एक सामाजिक दायित्व है। उनकी टीम हमेशा इस तरह की सेवा के लिए तत्पर रहेगी और बच्चों के उपचार का फॉलोअप भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि कुपोषण को मात देने के लिए पोषण युक्त आहार बेहद जरूरी है।

920 बच्चे चिन्हांकित, अधिकांश को लिया गया गोद
डीपीओ अशोक पाण्डेय ने बताया कि जिले में अभी तक 920 गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान हुई है, जिनमें से अधिकांश को जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, समाजसेवियों और स्वयंसेवी संगठनों द्वारा गोद लिया गया है। बच्चों को छह माह तक विशेष पोषण आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच उपलब्ध कराई जाएगी।

अगला शिविर 27 जुलाई को छुरा में
इस श्रृंखला का अगला मेगा हेल्थ कैम्प 27 जुलाई को छुरा में आयोजित किया जाएगा, जिसमें डॉ. भट्टर की टीम कुपोषित बच्चों की नि:शुल्क जांच करेगी।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment