तीन अलग-अलग स्थानों से मिला डंप, गरियाबंद पुलिस, कोबरा 207 व सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई
नक्सलियों से आत्मसमर्पण की अपील — सरकार की पुनर्वास नीति से जुड़ें, पाएं सम्मानजनक जीवन
गरियाबंद-: गरियाबंद जिले के घने जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस, कोबरा 207 बटालियन और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने मैनपुर और जुगाड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान तीन अलग-अलग स्थानों से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में दैनिक उपयोगी सामान, राशन सामग्री और अन्य सामग्री बरामद की है।
यह कार्रवाई इंदागांव एरिया में नक्सलियों की सक्रियता की खुफिया सूचना के बाद की गई। 10 जुलाई को सुरक्षा बलों की टीम जंगलों में रवाना हुई थी। जंगल की गहराइयों में गहन सर्चिंग के दौरान तीन स्थानों पर डंप छिपाकर रखे गए थे, जिसे बड़ी सतर्कता और रणनीति से खोज निकाला गया। यह बरामदगी नक्सलियों की मंसूबों पर एक और बड़ा प्रहार है और सुरक्षाबलों की सतर्कता का प्रमाण भी।
बरामद सामग्री से संकेत — नक्सल गतिविधि की बड़ी योजना थी तैयार!
बरामद सामग्री में राशन, बर्तन, प्लास्टिक शीट, बिजली के तार, बैटरी, दवाइयां और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं। इससे संकेत मिलते हैं कि नक्सली लंबे समय तक किसी ठिकाने को सक्रिय करने की योजना बना रहे थे।
गरियाबंद पुलिस की माओवादियों से भावुक अपील
पुलिस प्रशासन ने इस मौके पर नक्सलियों से एक बार फिर अपील की है कि वे हिंसा का मार्ग त्यागें और समाज की मुख्यधारा में लौटकर एक सम्मानजनक, सुरक्षित और खुशहाल जीवन जिएं। सरकार की आत्मसमर्पण नीति उनके पुनर्वास और सुरक्षित भविष्य के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करती है।
आत्मसमर्पण पर मिलेंगी ये सुविधाएं:
भयमुक्त और स्वतंत्र जीवन
परिवार के साथ पुनर्मिलन
स्वरोजगार और पुनर्वास प्रशिक्षण
निःशुल्क स्वास्थ्य और आवास सुविधा
शासकीय सेवा का अवसर
जो भी नक्सली आत्मसमर्पण करना चाहते हैं, वे नजदीकी थाना, पुलिस कैंप या सीधे मोबाइल नंबर 94792-27805 पर संपर्क कर सकते हैं।
नक्सलवाद पर कसा जा रहा शिकंजा
गरियाबंद जिला प्रशासन लगातार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में दबाव बनाकर नक्सलियों की कमर तोड़ने के अभियान में जुटा है। इससे पहले भी कई बार सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। इस ताज़ा कार्रवाई ने नक्सलियों को झटका देते हुए सुरक्षाबलों का मनोबल और बढ़ाया है।

Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




